फ्रिज खोला तो दिखा भोलेनाथ का रूप...आगरा के इस घर में बर्फ की आकृति देखते ही पूजा-अर्चना करने लगे लोग, क्या हुआ?

यूपी तक

• 09:52 AM • 14 Jul 2026

Agra Viral Video: आगरा के नगला भुजा इलाके में फ्रिज के फ्रीजर में बर्फ से शिवलिंग जैसी आकृति बनने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. लोग इसे भगवान शिव का चमत्कार मानकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे बर्फ जमने की प्राकृतिक प्रक्रिया बता रहे हैं.

Google CTA

Agra Viral Video: भगवान शिव से जुड़ी आस्था और चमत्कारों की कहानियां अक्सर लोगों के बीच चर्चा का विषय रहती हैं. इसी बीच उत्तर प्रदेश के आगरा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि एक घर के फ्रिज के फ्रीजर में बर्फ जमने से शिवलिंग जैसी आकृति बन गई. इस आकृति को देखने के बाद आसपास के लोग इसे भगवान शिव का प्रकट होना मानकर दर्शन करने पहुंचने लगे.

यह भी देखें...

बताया जा रहा है कि यह मामला आगरा के खेरिया मोड़ स्थित नगला भुजा क्षेत्र का है. वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोग उस घर पर पहुंचने लगे और फ्रिज में बनी इस आकृति को देखने लगे. कई लोगों ने इसे भगवान शिव का चमत्कार मानते हुए पूजा-अर्चना भी शुरू कर दी.

लोगों ने की पूजा-अर्चना, लगाए हर-हर महादेव के जयकारे

जानकारी के मुताबिक, परिवार के लोगों ने जब फ्रिज खोला तो फ्रीजर में जमी बर्फ के बीच एक ऐसी आकृति दिखाई दी, जो देखने में शिवलिंग जैसी लग रही थी. इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी. धीरे-धीरे यह बात पूरे इलाके में फैल गई और लोगों का घर पर पहुंचना शुरू हो गया.

मौके पर पहुंचे कई लोगों ने हाथ जोड़कर भगवान शिव का स्मरण किया. कुछ श्रद्धालुओं ने वहां फूल, जल और बेलपत्र चढ़ाकर पूजा-अर्चना भी की. देखते ही देखते घर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में धार्मिक माहौल बन गया. लोग "हर-हर महादेव" के जयकारे लगाने लगे.

अमरनाथ के हिमलिंग से कर रहे तुलना

फ्रिज में बनी इस आकृति को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं. कई लोग इसकी तुलना अमरनाथ गुफा में बनने वाले प्राकृतिक हिमलिंग से कर रहे हैं. श्रद्धालुओं का कहना है कि यह भगवान शिव की विशेष कृपा का संकेत हो सकता है.

इसी बीच इलाके के एक बाबा भी वहां पहुंचे. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में उन्हें लोगों को अमरनाथ गुफा और वहां मौजूद कबूतरों की धार्मिक मान्यता से जुड़ी कथा सुनाते हुए देखा जा सकता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अमरनाथ गुफा में दिखाई देने वाले कबूतरों के जोड़े को भगवान शिव से जुड़ी आस्था का प्रतीक माना जाता है.

कुछ लोग बता रहे प्राकृतिक प्रक्रिया का नतीजा

हालांकि जहां एक तरफ कई लोग इसे भगवान शिव का चमत्कार मान रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग इसे बर्फ जमने की सामान्य प्रक्रिया बता रहे हैं. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स का कहना है कि फ्रिज या फ्रीजर के अंदर तापमान, नमी, हवा के प्रवाह और पानी जमने की प्रक्रिया के कारण कई बार बर्फ अलग-अलग आकार ले सकती है.

फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. एक तरफ श्रद्धालु इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, तो दूसरी तरफ कुछ लोग इसे प्राकृतिक घटना बता रहे हैं. इस वायरल वीडियो और दावे को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.