ग्वालियर का कोमल सिंह था 3 बेटियों का बाप, बेटे की चाह में उसने आगरा रेलवे स्टेशन आकर किया ये कांड 

अरविंद शर्मा

• 11:45 AM • 17 Jun 2025

Agra Crime News: आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि यहां 4 साल के एक बच्चे को ग्वालियर के रहने वाले एक शख्स ने अगवा कर लिया. जानें क्यों किया उसने ऐसा?

Agra Crime News

Agra Crime News

Google CTA

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि ग्वालियर निवासी एक मजदूर ने केवल बेटे की चाह में चार साल के मासूम आर्यन नामक बच्चे को अगवा कर लिया. मजदूर की तीन बेटियां थीं और वह एक बेटा चाहता था. हालांकि, रेलवे पुलिस (GRP) की सतर्कता और तकनीकी निगरानी के चलते 48 घंटे से भी कम समय में बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया.

यह भी पढ़ें...

लापता होने की सूचना और CCTV फुटेज से मिली मदद

जानकारी मिली है कि यह घटना 14 जून की है. रात करीब 10 बजे आर्यन की मां ने आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी को सूचना दी कि उनका बेटा दोपहर से लापता है और उन्हें किसी अनहोनी की आशंका है. सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और तत्काल स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी. 

सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि बच्चा अपनी मां से बिछड़कर फुट ओवर ब्रिज (FOB) की तरफ चला गया था, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति उसे उंगली पकड़कर ग्वालियर की ओर जाने वाली लोकल ट्रेन में बैठाता हुआ दिखाई दिया.

200 से अधिक CCTV खंगाले गए

इस महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक रेलवे के निर्देश पर जीआरपी ने तत्काल मामला दर्ज किया. अपराध की गंभीरता को देखते हुए 14 टीमों का गठन किया गया. इन टीमों ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले और हर स्टेशन पर बच्चे और आरोपी की निगरानी शुरू कर दी. 

ग्वालियर में पकड़ा गया आरोपी दंपति, कबूला जुर्म

गहन जांच के बाद सामने आया कि आरोपी का नाम कोमल सिंह है, जो मजदूरी का काम करता है और अक्सर आगरा-ग्वालियर के बीच ट्रेन से सफर करता है. पुलिस ने ग्वालियर से कोमल और उसकी पत्नी रानी को गिरफ्तार कर लिया. जीआरपी की पूछताछ में कोमल ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसकी तीन बेटियां थीं और बेटा नहीं होने की पीड़ा में उसने बच्चे का अपहरण किया. आरोपी ने बच्चे की पहचान छिपाने के लिए उसकी वेशभूषा भी बदल दी थी और उसके बाल भी कटवा दिए थे. 

जीआरपी आगरा की टीम की कार्रवाई के चलते मासूम आर्यन को 48 घंटे से भी कम समय में सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया, जिससे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई. 

एसपी रेलवे अभिषेक वर्मा ने इस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया, "बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही हमने तुरंत 14 टीम गठित की और सीसीटीवी तथा तकनीकी निगरानी से बच्चे का लोकेशन ट्रेस किया. आरोपी की पहचान कर उसे उसकी पत्नी सहित गिरफ्तार कर लिया गया. यह पूरी बरामदगी हमारी टीम की मेहनत और समर्पण का नतीजा है."

ये भी पढ़ें: पहले से थी 3 पत्नियां, बात छिपा हिना संग किया चौथा निकाह, फिर आगरा के फिरोज ने उसके संग ये सब किया