Agra Missing Student Case: आगरा के ताजगंज इलाके में रहने वाला 16 साल का एक छात्र अचानक 4 अगस्त को अपने से 22 साल बड़ी ट्यूशन टीचर के साथ लापता हो गया था. छात्र स्कूल का प्रोजेक्ट को बनाने के लिए घर से निकला था, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा. इस घटना से पूरे परिवार में हड़कंप मच गया और परिजनों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी.
ADVERTISEMENT
परिजनों की शिकायत मिलने पर पुलिस ने दोनों की कॉल डिटेल और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. कई दिनों की तलाश के बाद पुलिस ने अब दोनों को अलग-अलग शहरों से सुरक्षित ढूंढ लिया है. इसके साथ ही पूछताछ के बाद दोनों को उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया है. जानकारी के मुताबिक, दोनों परिवारों ने आपस में बात करके फिलहाल किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से साफ इनकार कर दिया है.
प्रोजेक्ट के बहाने निकला था छात्र
आगरा के ताजगंज इलाके में रहने वाला 11वीं का छात्र 4 अगस्त को स्कूल प्रोजेक्ट के नाम पर घर से निकला था. वह अपने साथ तीन हजार रुपये भी ले गया था. रास्ते में उसने अपनी साइकिल एक दोस्त के घर खड़ी कर दी और फिर घर नहीं लौटा. काफी देर होने पर परेशान परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी.
इधर परिजन अपने बच्चे की तलाश कर ही रहे थे की उन्हें पता चला कि बच्चे को ट्यूशन पढ़ाने वाली 38 साल की ट्यूशन टीचर भी अपने घर से गायब है. शिक्षिका शादीशुदा हैं और उनके दो बच्चे भी हैं. छात्र और शिक्षिका की उम्र में करीब 22 साल का बड़ा अंतर है. एक साथ दोनों के गायब होने पर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी और अपहरण की शिकायत दर्ज कराई.
कॉल डिटेल और सीसीटीवी से सुराग
पुलिस को शरुआती जांच में दोनों के बीच घंटों तक लंबी बातचीत के सुराग मिले. इस कॉल डिटेल से पुलिस को यो क्लियर हो गया था कि दोनों एक साथ भागे हैं. इसके बाद पुलिस ने आगरा कैंट रेलवे स्टेशन और कई संभावित जगहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के एक CCTV फुटेज में दोनों को एक साथ ट्रेन में बैठते हुए दिखाई दिए, जिसने पुलिस को जांच की सही दिशा दिखाई.
नोएडा और मथुरा से हुए बरामद
पुलिस की जांच में पता चला कि दोनों आगरा से पहले ग्वालियर और फिर कैलादेवी दर्शन करने गए थे. कुछ समय साथ रहने के बाद दोनों अलग-अलग शहरों में चले गए. पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और तकनीकी मदद से छात्र को नोएडा से और शिक्षिका को मथुरा से सुरक्षित रूप से बरामद कर लिया.
शिक्षिका ने बताई भागने की वजह
पुलिस कस्टडी में पूछताछ के दौरान टीचर ने बताया कि छात्र घर में डांट पड़ने से काफी परेशान रहता था. 4 अगस्त को उसने फोन पर आत्महत्या करने की धमकी दी थी. घबराहट में छात्र को ऐसा खौफनाक कदम उठाने से रोकने के लिए शिक्षिका उसे अपने साथ ले गई थी. हालांकि, बाद में उन्हें अपनी गलती का एहसास हो गया था.
परिजनों ने कार्रवाई से किया इनकार
ताजगंज थाना के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों को उनके परिजनों को सुरक्षित सौंप दिया है. जानकारी के मुताबिक, दोनों परिवारों ने पूरी घटना को लेकर आपस में बातचीत की है और आगे इस मामले में दोनों ही फैमली ने अतिरिक्त कानूनी कार्रवाई करने से मना कर दिया है.
यह भी पढ़ें: फिरोजाबाद की सदर सीट पर रामजी लाल सुमन के बेटे को टिकट देंगे अखिलेश यादव?
ADVERTISEMENT











