Agra Woman Death News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक महिला की मौत का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. महिला ने आत्महत्या का प्रयास करने से पहले अपने मोबाइल से करीब डेढ़ मिनट का वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने पति और सास-ससुर पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए और अपनी मौत के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया. वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद उसने उसे अपने पति और मायके पक्ष के लोगों को भेज दिया. गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती महिला ने दो दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष किया, लेकिन सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर पति और सास-ससुर को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
2021 में हुई थी शादी
यह मामला आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार, मृतका प्रियंका की शादी वर्ष 2021 में सिद्धार्थनगर निवासी अभिपाल से हुई थी, जो एक निजी कंपनी में काम करता है. दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें तीन साल की एक बेटी और एक साल का बेटा शामिल हैं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद से ही परिवार में विवाद की स्थिति बनी हुई थी.
कमरे में लगा लिया फंदा
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात करीब 11 बजे प्रियंका ने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया. इससे पहले उसने अपने मोबाइल फोन से करीब डेढ़ मिनट का वीडियो रिकॉर्ड किया. वीडियो में उसने पति और सास-ससुर पर प्रताड़ना के आरोप लगाए और इंसाफ दिलाने की अपील की. वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद उसने उसे अपने पति और मायके पक्ष के लोगों को भेज दिया. उस समय उसका पति ड्यूटी पर था. वीडियो देखने के बाद उसने परिजनों और पड़ोसियों को सूचना दी. दरवाजा तोड़कर जब लोग अंदर पहुंचे तो प्रियंका पंखे से लटकी मिली. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया.
दो दिन तक इलाज के बाद हुई मौत
प्रियंका को शहीद नगर स्थित पार्थ सारथी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया. करीब दो दिन तक उसका उपचार चलता रहा, लेकिन सोमवार सुबह उसने दम तोड़ दिया. महिला की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी और वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया.
मायके पक्ष ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
मृतका के भाई राजेंद्र सिंह का आरोप है कि शादी के बाद से ही प्रियंका को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था. उनका कहना है कि कई बार दोनों परिवारों के बीच पंचायत भी हुई और समझौते के बाद प्रियंका को वापस ससुराल भेजा गया, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ. परिजनों का आरोप है कि लगातार मानसिक और पारिवारिक प्रताड़ना की वजह से प्रियंका ने यह कदम उठाया.
पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार
डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने बताया, "मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर पति और सास-ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले से जुड़े वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है और सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है." पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











