इलाहाबाद हाईकोर्ट ने UP APO की प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट किया रद्द, दोबारा होगी मुख्य परीक्षा

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपी APO भर्ती 2025 की प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट रद्द करते हुए संशोधित परिणाम के आधार पर दोबारा मुख्य परीक्षा कराने का आदेश दिया है. इस फैसले के बाद अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए इसे भाजपा सरकार में रद्द हुई 22वीं परीक्षा बताया है.

Google CTA

उत्तर प्रदेश में सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) भर्ती 2025 की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए एक बेहद अहम खबर सामने आई है. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपी एपीओ प्रारंभिक परीक्षा के नतीजों को रद्द कर दिया है और संशोधित रिजल्ट के आधार पर मुख्य परीक्षा दोबारा कराने का बड़ा आदेश दिया है. हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर सोशल मीडिया के जरिए योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने इस परीक्षा के रद्द होने को भाजपा सरकार में रद्द हुई 22वीं परीक्षा बताते हुए सरकार पर आरक्षण के नियमों से खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है.

यह भी देखें...

जानिए क्या है पूरा भर्ती विवाद?

दरअसल, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 16 सितंबर 2025 को एपीओ के कुल 182 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी. इन पदों में 27 अनारक्षित, 67 एससी, 9 एसटी, 61 ओबीसी और 18 पद ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए तय थे. इसकी प्रारंभिक परीक्षा 22 मार्च 2026 को हुई थी और 30 अप्रैल को मुख्य परीक्षा के लिए 2,856 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था. जून के अंत में मुख्य परीक्षा आयोजित हुई और अक्टूबर में इंटरव्यू की प्रक्रिया चल रही थी. हालांकि, इससे पहले ही 28 सितंबर को हाईकोर्ट ने अंतिम नतीजों पर रोक लगा दी थी. सुनवाई के दौरान आयोग के हलफनामे में यह बात सामने आई कि प्रारंभिक परीक्षा में 321 ओबीसी और 43 एससी अभ्यर्थियों ने अनारक्षित श्रेणी के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक हासिल किए थे.

हाईकोर्ट ने खारिज किया ऑफिस मेमोरेंडम

आयोग ने 9 जनवरी 2020 के एक आदेश का हवाला देते हुए जनरल कटऑफ से ज्यादा अंक लाने वाले इन सभी 364 आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को ओपन कैटेगरी के बजाय उनकी अपनी आरक्षित श्रेणी की सूची में ही रख दिया था. याचिकाकर्ता पंकज वर्मा और अन्य अभ्यर्थियों ने दलील दी कि ऐसा करने से कम रैंक वाले उतने ही आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके. उन्होंने इसे संविधान के अनुच्छेद 14 और 16 तथा 1994 के आरक्षण कानून की भावना के खिलाफ बताया. मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस मनीष कुमार निगम ने आयोग के 9 जनवरी 2020 के ऑफिस मेमोरेंडम को खारिज कर दिया. कोर्ट ने साफ कहा कि आयोग को ऐसा नीतिगत निर्देश जारी करने का कानूनी अधिकार नहीं है और मेरिट के आधार पर ओपन श्रेणी हर चरण में सभी के लिए खुली है.

अखिलेश यादव ने बोला तीखा हमला

हाईकोर्ट के फैसले के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार को घेरा है. उन्होंने लिखा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आरक्षण की हकमारी को रोककर भाजपा के आरक्षण विरोधी चेहरे से नकाब हटा दिया है और यह भाजपा सरकार में यूपी में रद्द हुई 22वीं परीक्षा है. अखिलेश ने आरोप लगाया कि नौकरी भाजपा के एजेंडे में है ही नहीं और सरकार जानती थी कि यह मामला कोर्ट में नहीं टिकेगा. उन्होंने कहा कि मेरिट के आधार पर अनारक्षित सूची में जगह पाने वाले पिछड़े और दलित अभ्यर्थियों को आरक्षित श्रेणी तक सीमित रखना पीडीए के अधिकारों पर चोट है. परीक्षा में शामिल 500 से अधिक अभ्यर्थियों और उनके परिवारों के समय, खर्च और मानसिक तनाव की जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए अखिलेश ने 'भाजपा हटाओ, नौकरी पाओ' का नारा दिया. उन्होंने वादा किया कि सपा सरकार बनने पर भर्ती के हर चरण में आरक्षण और मेरिट के नियमों का सही पालन सुनिश्चित किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: हर महीने ₹5000 से किसानों की कर्जमाफी तक, मैनिफेस्टो में अखिलेश यादव ने किए ये 22 बड़े वादे