सीट शेयरिंग से पहले ही सपा-कांग्रेस में रार! बेहट और सहारनपुर सीट पर प्रत्याशी उतारने से भड़के इमरान मसूद

आशीष श्रीवास्तव

• 01:57 PM • 25 Nov 2026

सपा ने सहारनपुर की दो विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर कांग्रेस को चुनौती दी है. उमर अली खान और आशु मलिक को फिर से टिकट दिया गया है. यह सपा की सियासी मजबूती का संकेत है और गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे पर असर डालता है.

Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सीट बंटवारे पर औपचारिक सहमति बनने से पहले ही समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच खींचतान तेज हो गई है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा पांच विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा ने कांग्रेस खेमे को चौंका दिया है. खासकर इसलिए कि इन पांच सीटों में सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर सीट भी शामिल हैं, जिन पर कांग्रेस भी मजबूती से दावा ठोक रही थी. इससे दोनों दलों के बीच असहजता बढ़ गई है और गठबंधन की राह को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

यह भी देखें...

पांच सीटों पर सपा के प्रत्याशी, बेहट और सहारनपुर पर बढ़ा विवाद

मंगलवार को समाजवादी पार्टी ने जिन पांच प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है, उनमें चार मौजूदा विधायक शामिल हैं:

बेहट: उमर अली खान

सहारनपुर: आशु मलिक

कैराना: नाहिद हसन

अमरोहा: महबूब अली

ललितपुर: ज्योति लोधी

इस सूची में सबसे अधिक चर्चा बेहट और सहारनपुर सीटों को लेकर है. सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद इन दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने के पक्ष में हैं. उनका मानना है कि इन क्षेत्रों में कांग्रेस का अपना जनाधार है और पार्टी को चुनाव लड़ने का अवसर मिलना चाहिए. कांग्रेस इसे गठबंधन धर्म के विपरीत बता रही है. इमरान मसूद इस मामले को लेकर कांग्रेस आलाकमान से बातचीत कर रहे हैं और शीर्ष नेतृत्व के जवाब के बाद पार्टी अपना रुख सार्वजनिक कर सकती है.

पुराने चुनावी आंकड़ों के सहारे इमरान मसूद की दावेदारी

सियासी हलकों में यह चर्चा है कि इमरान मसूद हालिया बैठक में पुराने चुनावी नतीजों और स्थानीय समीकरणों का हवाला देते हुए इन सीटों पर दावा पेश कर चुके हैं.

2007: इमरान मसूद बेहट विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक चुने गए थे.

2012: उनके समर्थन से चुनाव लड़े कांग्रेस प्रत्याशी नरेश सैनी महज 71 वोटों के अंतर से हारे थे.

2017: इमरान मसूद के समर्थन से नरेश सैनी ने करीब 31,000 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी.

2022: विधानसभा चुनाव में इमरान मसूद ने सपा प्रत्याशी उमर अली खान की जीत में मदद की थी.

इन्हीं चुनावी समीकरणों को आधार बनाकर कांग्रेस खेमा अपनी दावेदारी को मजबूत मान रहा है, जबकि सपा ने मौजूदा विधायकों पर दोबारा भरोसा जताते हुए प्रत्याशी घोषित कर दिए.

बैठकों का दौर जारी, अखिलेश के संदेश और गठबंधन की चुनौती

सीट शेयरिंग को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत का दौर जारी है। सोमवार को हुई पहली औपचारिक बैठक लगभग 15 से 20 मिनट चली थी, जबकि मंगलवार को दूसरे दौर की बैठक करीब तीन घंटे तक चली, जिसमें सीटों के बंटवारे पर विस्तार से चर्चा हुई.

इस बीच अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर संदेश दिया कि सीट शेयरिंग की शुरुआत जीतने वाली पहली 26 सीटों से हुई है और आगे की बातचीत मिलजुलकर साझेदारी के साथ आगे बढ़ेगी. सपा बातचीत को सकारात्मक बता रही है, लेकिन बेहट और सहारनपुर को लेकर उभरे असंतोष के बीच अब सबकी नजरें कांग्रेस आलाकमान के फैसले और गठबंधन के तालमेल पर टिकी हैं.