Raja Bhaiya News: उत्तर प्रदेश के कुंडा से विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने सनातन धर्म को लेकर अपनी बात रखी है. उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और देवी-देवताओं का अपमान करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए. राजा भैया ने हिंदू समाज के लोगों से अपने-अपने क्षेत्र में सनातन के पक्ष में मुखर होकर बोलने की अपील भी की. उनका यह बयान कुंडा में बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की राम कथा के आयोजन के बाद सामने आया है. राजा भैया मंगलवार को मध्य प्रदेश के मैहर पहुंचे थे. यहां उन्होंने त्रिकूट पर्वत पर स्थित मां शारदा मंदिर में दर्शन-पूजन किया और आशीर्वाद लिया. इसी दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने राम कथा के आयोजन, सनातन धर्म और उससे जुड़े सवालों पर जवाब दिया.
ADVERTISEMENT
'हर हिंदू को सनातन के पक्ष में मुखर होकर बोलना चाहिए'
राजा भैया से जब बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री के उस बयान को लेकर सवाल किया गया, जिसमें उन्होंने हर जिले में सनातन धर्म के लिए एक राजा भैया होने की बात कही थी, तो उन्होंने कहा, 'उनकी बड़ी कृपा रहती है हमारी.' इसके बाद सनातन धर्म को लेकर उन्होंने कहा कि जिस तरह धर्म और देवी-देवताओं पर प्रहार किया जाता है, उसे लेकर हिंदू समाज को अपनी आवाज उठानी चाहिए. उन्होंने कहा, 'जीवन के किसी भी क्षेत्र में हो हिंदू, चाहे वो किसान हो, व्यवसायी हो, व्यापारी हो, अधिवक्ता हो, राजनेता हो किसी भी क्षेत्र में हो, लेकिन वो सबसे पहले हिंदू है. उसको मुखर होकर के सनातन के पक्ष में बोलना चाहिए और यदि कोई धर्म का अपमान करता है, तो मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए.'
यह भी पढ़ें- सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस की आज फिर बैठक, यूपी के इन 26 सीटों का ऑफर दे सकती है अखिलेश की पार्टी!
राम कथा पर क्या बोले?
कुंडा में हुई राम कथा के सफल आयोजन को लेकर राजा भैया ने कहा कि इतनी बड़ी कथा बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न होना मां की कृपा से संभव हुआ. उन्होंने कहा, 'इतनी बड़ी कथा निर्विघ्न रूप से, बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हुई, यह माई की कृपा से संभव है. हनुमान जी महाराज स्वयं सारी व्यवस्था देखे हैं, तब जाकर के यह संभव हुआ.' राजा भैया ने बताया कि आस्था प्रकट करने और आशीर्वाद लेने के लिए वह पहले चित्रकूट के कामदगिरि पहुंचे थे, जहां उन्होंने परिक्रमा की. इसके बाद वह मां शारदा के दर्शन करने मैहर पहुंचे.
कथा में बाहुबलियों की मौजूदगी पर भी दिया जवाब
राम कथा में बाहुबलियों और क्षत्रिय विधायकों की अधिक संख्या को लेकर उठे सवाल पर राजा भैया ने ऐसी किसी बात से इनकार किया. उन्होंने कहा कि कथा में पूरे हिंदू समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था. उनके मुताबिक, 'समूचे हिंदू समाज ने, सभी हिंदुओं ने बढ़-चढ़कर के हिस्सा लिया. कुछ लोगों को यह बात खल रही है, तो उसको वो जातिवाद मोड़ दे रहे हैं.' वहीं, लगातार चेतावनियों के बावजूद प्रयागराज से कुंडा तक धीरेंद्र शास्त्री को सड़क मार्ग से ले जाने के सवाल पर राजा भैया ने कहा कि वह देखना चाहते थे कि रास्ते में कोई मिलता है या नहीं. उन्होंने यह भी बताया कि कथा से पहले रास्ते में कुछ अन्य कार्यक्रम भी तय हो जाते हैं.
ADVERTISEMENT










