उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में तैनात एक सिपाही इन दिनों अपने पुलिसिया काम से ज्यादा सियासी तेवरों को लेकर चर्चा में हैं. डायल 112 में तैनात सिपाही श्याम सुंदर चौहान पर समाजवादी पार्टी के प्रति ऐसी दीवानगी सवार है कि उन्होंने अपनी सरकारी नौकरी तक दांव पर लगा दी है. पुलिस विभाग ने राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने और ड्यूटी से गायब रहने के आरोप में उन्हें तीन महीने पहले निलंबित कर दिया था. अब उन पर बर्खास्तगी की तलवार लटक रही है, लेकिन विभाग के नोटिस पर सिपाही साहब ने जो जवाब दिया है, उसने पूरे पुलिस महकमे को हैरान कर दिया है. उन्होंने साफ शब्दों में लिखकर दे दिया है कि चाहे उन्हें बर्खास्त ही क्यों न कर दिया जाए, लेकिन वह समाजवादी पार्टी में बने रहेंगे और राजनीति नहीं छोड़ेंगे.
ADVERTISEMENT
बर्खास्तगी के नोटिस पर दिया जवाब
सिपाही श्याम सुंदर चौहान पर आरोप है कि पुलिस की वर्दी और सेवा में रहते हुए वह लगातार समाजवादी पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रहे. वह कभी पार्टी के मंच पर भाषण देते नजर आए, तो कभी नेताओं के साथ मंच साझा करते और सोशल मीडिया पर राजनीतिक पोस्ट करते दिखे. विभागीय नियमों के उल्लंघन पर करीब तीन महीने पहले उन्हें निलंबित कर दिया गया था. निलंबन के बाद नियम के तहत उन्हें पुलिस लाइन में अपनी आमद दर्ज करानी थी और गैरहाजिरी का जवाब देना था, लेकिन आरोप है कि उन्होंने ऐसा नहीं किया. मामला पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू करने से पहले उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया, जिसके लिखित जवाब में उन्होंने नौकरी छोड़ने की बात स्वीकार करते हुए सपा का साथ न छोड़ने का ऐलान कर दिया.
2027 में विधायक बनने की तैयारी
सिपाही के इस बेबाक जवाब के पीछे 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी को बड़ी वजह माना जा रहा है. श्याम सुंदर चौहान मूल रूप से संत कबीर नगर जिले के महुली थाना क्षेत्र के नैना झाला गांव के रहने वाले हैं. साल 2023 में उनका तबादला कुशीनगर से गोरखपुर हुआ था, जहां उन्हें डायल 112 में तैनाती मिली थी. जानकारी के मुताबिक, श्याम सुंदर चौहान की नजर संत कबीर नगर जिले की धनघटा विधानसभा सीट पर है और वह 2027 में सपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं. यही वजह है कि वह लगातार मंचों और सोशल मीडिया के जरिए अपनी सियासी जमीन मजबूत करने में जुटे हुए हैं.
जांच को लेकर पुलिस का बयान
इस पूरे मामले पर पुलिस अधिकारी का बयान भी सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, डायल 112 में तैनात यह सिपाही पिछले तीन महीने से ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहा था, जिसके चलते उसके खिलाफ जांच शुरू कर उसे निलंबित किया गया था. अधिकारी ने बताया कि गैरहाजिरी के दौरान सिपाही द्वारा सोशल मीडिया पर कुछ राजनीतिक पोस्ट किए गए थे, जिनकी जांच की गई है. जांच के दौरान सिपाही ने अपने बयान में एक राजनीतिक दल से जुड़े होने की बात स्वीकार की है. पुलिस का कहना है कि उसके बयान और जांच में सामने आ रहे अन्य सबूतों के आधार पर कार्रवाई चल रही है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा. अब देखना यह होगा कि सिपाही की वर्दी बचती है या फिर वह सीधे चुनावी मैदान में उतरते हैं.
यह भी पढ़ें: यूपी की महिलाएं इस बार किसे देंगी वोट? SCORE के चौंकाने वाले सर्वे में पुरुषों से बिल्कुल अलग निकला महिलाओं का मूड!
ADVERTISEMENT










