मेरठ में होटल से दौड़कर भागी लड़की, पीछे से आरोपी सलमान ने की पकड़ने की कोशिश, फिर जो हुआ

उस्मान चौधरी

25 Nov 2026 (अपडेटेड: 25 Nov 2026, 04:33 PM)

मेरठ के होटल में एक लड़की ने भागने की कोशिश की, सलमान ने पीछा किया और वापस खींचने की कोशिश की। पुलिस जांच कर रही है.

Google CTA

उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर के पॉश इलाके आबूलेन स्थित एक होटल से सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां बंधक बनाकर रखी गई गाजियाबाद की एक युवती मौका पाकर चिल्लाते हुए होटल से बाहर भागी, जिसके बाद आरोपी सलमान ने बीच सड़क पर उसे दबोचने की कोशिश की. मौके पर जुटी भीड़ ने युवती को बचाया. वहीं इस घटना के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने नरहड़ा गांव के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है जिसका अब एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह रोते हुए 'गलती हो गई... गलती हो गई' कहता नजर आ रहा है.

यह भी देखें...

होटल में बिना आईडी एंट्री और युवती को बंधक बनाने का आरोप

आबूलेन इलाके में हुई इस घटना से राहगीर भी दंग रह गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती जान बचाकर होटल से बाहर की ओर भागी और मदद के लिए शोर मचाने लगी. पीछे से आए सलमान नामक युवक ने बीच सड़क पर उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन लोगों की भीड़ जमा होने पर युवती सुरक्षित बच गई.

शोषण और धमकी के गंभीर आरोप: पीड़ित युवती गाजियाबाद की रहने वाली है. आरोप है कि सलमान ने उसे जबरन होटल में बंद कर रखा था, जहां उसका शारीरिक शोषण किया जा रहा था. युवती को यह धमकी भी दी गई थी कि यदि उसने किसी और से शादी की तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.

होटल प्रबंधन पर सवाल: इस मामले में यह भी आरोप सामने आया है कि होटल में नियमों को ताक पर रखकर बिना किसी आईडी प्रूफ या रजिस्टर में एंट्री किए ही कमरे उपलब्ध कराए जा रहे थे. घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय हिंदू संगठनों ने भी कड़ा आक्रोश जताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की.

नरहड़ा के पास पुलिस की घेराबंदी और आरोपी की गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी. मेरठ के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी सलमान लोहिया नगर थाना क्षेत्र के नरहड़ा गांव के पास एक निर्माणाधीन अंडरपास में छिपा हुआ है.

सूचना मिलते ही लोहिया नगर और सदर बाजार थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की. पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर सलमान ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगा.

पुल से फिसलकर घायल हुआ आरोपी, रोते हुए मांगी माफी

पुलिस से बचने के लिए भागने के दौरान सलमान पास के एक पुल पर चढ़ने लगा, लेकिन हड़बड़ाहट में उसका पैर फिसल गया. नीचे गिरने से उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई जिसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में दबोच लिया और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया.

गिरफ्तारी के बाद आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें वह दर्द से कराहते और रोते हुए पुलिसकर्मियों के सामने हाथ जोड़कर "गलती हो गई... गलती हो गई" कहता दिखाई दे रहा है. पुलिस फिलहाल मामले में आगे की विधिक कार्रवाई और होटल की भूमिका की जांच कर रही है.