आजम बनाम ओवैसी की सियासी जंग में शायरी और बिरयानी की एंट्री, इटावा से AIMIM ने क्या संदेश दिया?

कुमार अभिषेक

• 12:31 PM • 24 Nov 2026

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बीच सियासी टकराव चर्चा में है. आजम खान ने ओवैसी पर निशाना साधते हुए उन्हें बीजेपी का एजेंट तक बता दिया था.

Google CTA

Asaduddin Owaisi On Azam Khan: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बीच सियासी टकराव चर्चा में है. आजम खान ने ओवैसी पर निशाना साधते हुए उन्हें बीजेपी का एजेंट तक बता दिया था. उन्होंने सवाल उठाया था कि अगर ओवैसी को उनसे इतनी हमदर्दी थी तो वह उनके घर क्यों नहीं आए और उनकी पत्नी का हालचाल क्यों नहीं पूछा. आजम के इन बयानों के बाद ओवैसी ने सीधे उनका नाम लिए बिना सोशल मीडिया पर शायरी के जरिए जवाब दिया. वहीं, अब AIMIM के कार्यकर्ता भी प्रतीकात्मक अंदाज में जवाब देते नजर आ रहे हैं. इटावा में पार्टी की ओर से मुस्लिम बहुल इलाके में हैदराबादी बिरयानी बांटी गई. इस पूरे घटनाक्रम ने यूपी की मुस्लिम राजनीति में आजम बनाम ओवैसी की चर्चा को और तेज कर दिया है.

यह भी देखें...

आजम खान ने ओवैसी को बताया बीजेपी का एजेंट

आजम खान ने एक इंटरव्यू में असदुद्दीन ओवैसी को निशाने पर लेते हुए कहा था कि उत्तर प्रदेश में उनकी दाल नहीं गलने देंगे. उन्होंने ओवैसी की राजनीतिक भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि चार विधायकों वाली पार्टी उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री बनाने की स्थिति में नहीं है. आजम ने ओवैसी को बीजेपी का एजेंट बताते हुए यह भी आरोप लगाया कि कोई उनके पीछे है और उनसे यह सब करवा रहा है. उन्होंने कहा कि अगर ओवैसी को उनसे हमदर्दी थी तो वह उनके घर आकर मिल सकते थे, उनकी बीमार पत्नी का हाल पूछ सकते थे. आजम के इन बयानों के बाद दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई.

यह भी पढ़ेंः सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस की आज फिर बैठक, यूपी के इन 26 सीटों का ऑफर दे सकती है अखिलेश की पार्टी!

 

ओवैसी ने राहत इंदौरी के शेर से दिया जवाब

आजम खान के हमलों के बाद ओवैसी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया. उन्होंने कहा कि सेक्युलर पार्टियों के मुस्लिम नेता अपने नेताओं से सवाल पूछने के बजाय मुझसे ज्यादा सवाल करते हैं. इसके साथ ही उन्होंने मशहूर शायर राहत इंदौरी का शेर साझा किया- ' न हमनशीं से निकलेगा, ना हमसफर से निकलेगा, हमारे पांव का कांटा हम ही से निकलेगा.' ओवैसी के इस पोस्ट को आजम खान के बयानों के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, उन्होंने पोस्ट में आजम खान का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया.

इटावा में AIMIM ने बांटी हैदराबादी बिरयानी

आजम खान ने रामपुर में कहा था कि उनके इलाके में हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं की जाती, यहां लोग पुलाव और मटन बिरयानी पसंद करते हैं. इस टिप्पणी के बाद इटावा की नई बस्ती में AIMIM कार्यकर्ताओं ने हैदराबादी बिरयानी बांटी. इस कार्यक्रम की अगुवाई पार्टी के जिला अध्यक्ष शमशाद हुसैन वारसी ने की. आयोजन के दौरान ओवैसी की तस्वीर वाला पोस्टर भी लगाया गया. पार्टी नेताओं ने इसे आजम खान की टिप्पणी का जवाब बताया और दावा किया कि मुस्लिम समाज में ओवैसी का समर्थन बढ़ रहा है. इस तरह दोनों नेताओं के बीच विवाद अब बयानों के साथ-साथ प्रतीकात्मक राजनीतिक प्रतिक्रियाओं के जरिए भी सामने आ रहा है.

यह भी पढ़ेंः मेरठ से पकड़ा गया संदिग्ध उजैद, फिदायीन हमले की फिराक में था, पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी से था कनेक्शन!