उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी के बीच अब बिरयानी भी एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गई है. समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने हाल ही में हैदराबादी बिरयानी को लेकर एक बयान दिया था, जिसे एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर सीधा हमला माना गया. अब ओवैसी की पार्टी ने आजम खान के इस बयान का जवाब अपने ही अंदाज में दिया है, वह भी समाजवादी पार्टी के सबसे मजबूत गढ़ और अखिलेश यादव के गृह जनपद इटावा में. 22 नवंबर को इटावा के मुस्लिम बाहुल्य इलाके नई बस्ती में एआईएमआईएम के जिला अध्यक्ष शमशाद हुसैन वारसी ने ओवैसी के बड़े पोस्टर के नीचे हैदराबादी बिरयानी बनवाई और स्थानीय लोगों को बंटवाई. बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर बिरयानी का स्वाद चखा, लेकिन इस आयोजन के पीछे स्वाद से ज्यादा 2027 के चुनाव का सियासी संदेश छिपा नजर आया.
ADVERTISEMENT
आजम के तंज पर अनोखा पलटवार
इस आयोजन को लेकर एआईएमआईएम के जिला अध्यक्ष शमशाद हुसैन वारसी ने कहा कि आजम खान ने हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष पर तंज कसते हुए कहा था कि लोगों ने हैदराबादी बिरयानी को पसंद नहीं किया, बल्कि पुलाव और मटन पसंद किया है. उन्होंने कहा कि हम लोगों को यह दिखाना चाहते हैं कि अब उत्तर प्रदेश में पुलाव और मटन नहीं, बल्कि हैदराबादी बिरयानी मशहूर हो चुकी है और यह कार्यक्रम पूरे प्रदेश में चल रहा है. इसके साथ ही उन्होंने आजम खान के 'दाढ़ी और टोपी वाले मौलाना' वाले बयान पर भी पलटवार किया. वारसी ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी एक बैरिस्टर हैं और उन्होंने खुद को कभी मौलाना नहीं कहा, लेकिन आजम खान सबको मुफ्त में मौलाना की पदवी बांटते फिर रहे हैं, जैसे उन्होंने पहले मुलायम सिंह यादव को भी मौलाना कह दिया था.
सपा के गढ़ में बड़ा दावा
बिरयानी के बहाने एआईएमआईएम ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़े दावे किए हैं. जिला अध्यक्ष शमशाद हुसैन वारसी ने कहा कि प्रदेश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को नकार दिया है और इस बार सरकार में पूरी तरह बदलाव होगा. उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है और उन्हें करीब 150 सीटों पर जीत की उम्मीद है. वारसी ने दावा किया कि इटावा में मुस्लिम समाज के लोग ओवैसी को खूब पसंद कर रहे हैं और 2027 के चुनाव में 80 से 85 प्रतिशत से ज्यादा मुसलमान एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की पार्टी के गठबंधन को समर्थन देंगे. उन्होंने यह भी कहा कि इस बार इटावा से भी एआईएमआईएम चुनाव लड़ेगी और वह भाजपा व सपा दोनों का नुकसान करेगी.
स्थानीय लोगों ने ओवैसी को सराहा
बिरयानी खाने पहुंचे स्थानीय मुस्लिम लोगों ने भी आगामी चुनाव को लेकर अपनी राय रखी. एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि वे इस समय ओवैसी को ही अपना पैरोकार मानते हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि इटावा अखिलेश यादव का क्षेत्र है, इसलिए यहां समर्थन थोड़ा कम हो सकता है, लेकिन पूरे उत्तर प्रदेश में ओवैसी की लहर चल रही है. लोगों ने ओवैसी के उस बयान का भी पूरा समर्थन किया जिसमें उन्होंने कहा था कि 'अब अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा'. स्थानीय लोगों का कहना था कि पहले सपा और बसपा जैसी पार्टियों ने मुसलमानों का इस्तेमाल सिर्फ दरी, पल्ली और कुर्सी उठाने के लिए किया, लेकिन अब समाज जागरूक हो चुका है. लोगों ने 'पतंग का झंडा जिंदाबाद' के नारे लगाते हुए कहा कि अब वे किसी के झंडे नहीं उठाएंगे, बल्कि खुद अपना झंडा लहराएंगे.
यह भी पढ़ें: 'मैंने मुंह में कपड़ा ठूंसा, प्रेमी ने गला दबाया', लखनऊ में 15 साल बड़े पति को मारने वाली पत्नी का कबूलनामा
ADVERTISEMENT










