Azam Khan On Akhilesh Yadav Ayodhya Visit: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या स्थित राम मंदिर में दर्शन करने जाने की चर्चा तेज हो गई है. इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खान ने उनके इस फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. आजम खान ने साफ कहा कि अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने से उन्हें या किसी भी मुसलमान को क्या परेशानी हो सकतीहै? उन्होंने कहा कि किसी के मंदिर जाने पर आपत्ति कैसी? आजम खान ने यह भी कहा कि जो व्यक्ति अच्छा धार्मिक होता है, वह अच्छा इंसान भी होता है.
ADVERTISEMENT
राम मंदिर जाने पर क्या बोले आजम खान?
आजम खान से जब अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन के लिए अयोध्या जाने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'उनके अयोध्या जाने से या राम मंदिर जाने से मुझे क्या इख्तलाफ हो सकता है या किसी भी मुसलमान को क्या परेशानी है?' उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति मंदिर जाता है, तिलक लगाता है, धोती-कुर्ता पहनता है और माला पहनता है तो इसमें गलत क्या है. आजम खान ने कहा कि ऐसे व्यक्ति का तो वह और ज्यादा स्वागत करेंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि अगर कोई अच्छा धार्मिक है तो वह अच्छा इंसान भी होगा.
यह भी पढ़ें- ओवैसी पर क्यों भड़के आजम खान, चंद्रशेखर को लेकर भी कह दी बड़ी बात, खास बातचीत में खोले कई राज!
'अच्छा मजहबी है तो यकीनन अच्छा इंसान होगा'
आजम खान ने धर्म और इंसानियत को जोड़ते हुए कहा कि मजहब लोगों को आपस में बैर रखना नहीं सिखाता. उनके मुताबिक जो व्यक्ति सच्चे अर्थों में धार्मिक होता है, उसके अंदर इंसानियत भी होनी चाहिए. उन्होंने कहा, 'अगर आप अच्छे मजहबी हैं तो आप यकीनन अच्छे इंसान होंगे, क्योंकि मजहब नहीं सिखाता आपस में बैर रखना.' आजम खान ने इस तरह अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने को एक सामान्य धार्मिक कार्य बताते हुए इस पर किसी तरह की आपत्ति से इनकार किया.
मुस्लिम पॉलिटिक्स के टैग पर क्या बोले?
बातचीत के दौरान आजम खान से समाजवादी पार्टी पर लगे मुस्लिम पॉलिटिक्स के टैग को लेकर भी सवाल किया गया. इस पर उन्होंने कहा कि यह टैग लोकतंत्र के दुश्मनों और उनकी पार्टी के विरोधियों ने लगाया था. आजम खान ने आरोप लगाया कि कुछ लोग पैसे लेकर इस एजेंडे पर काम करते रहे हैं. उन्होंने इस टैग को खारिज करते हुए कहा कि उनकी पार्टी को राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते इस तरह पेश किया गया.
यह भी पढ़ें- आजम खान ने ओवैसी की दाढ़ी पर कसा तंज, तो कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने किया पलटवार, बोले- 'ऐसी टिप्पणी नहीं होनी चाहिए'
अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन के कार्यक्रम को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत में चर्चा हो रही है. बीजेपी के नेता भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. वहीं, आजम खान ने इस पर संयमित रुख अपनाते हुए कहा है कि किसी भी व्यक्ति के मंदिर जाने पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए.
ADVERTISEMENT










