बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. लखनऊ के 5 कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस अचानक भेंट के बाद प्रदेश के राजनीतिक और धार्मिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं.
ADVERTISEMENT
मुलाकात के बाद क्या बोले धीरेंद्र शास्त्री?
मुख्यमंत्री आवास से बाहर आने के बाद मीडिया से बात करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने साफ किया कि यह कोई राजनीतिक मुलाकात नहीं थी. उन्होंने बताया कि वे सीएम योगी की पूजनीय माता जी के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि और पुष्पांजलि देने आए थे.
सीएम योगी की तारीफ करते हुए शास्त्री ने कहा, "धन्य हैं मुख्यमंत्री जी की पूजनीय माता जी, जिन्होंने ऐसा सपूत जना जो राम और राष्ट्र दोनों को साथ लेकर देश और उत्तर प्रदेश की प्रगति के लिए काम कर रहे हैं." जब उनसे राजनीतिक आरोपों पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने यह कहकर बात टाल दी कि वे सियासी बातों का जवाब नहीं देते और केवल सनातन धर्म व हिंदुओं के लिए काम कर रहे हैं.
राम बनाम कृष्ण विवाद और संतों की नाराजगी
धीरेंद्र शास्त्री की यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब भगवान राम और श्रीकृष्ण के स्वरूप की तुलना करने वाले उनके बयान पर घमासान मचा हुआ है.
संतों का गुस्सा: इस बयान को लेकर योग गुरु बाबा रामदेव ने भी धीरेंद्र शास्त्री पर कड़ा हमला बोला था. रामदेव ने देवी-देवताओं की तुलना करने और माफी मांगने के बाद फिर वैसा ही बयान देने पर उन्हें 'पाखंडी' तक कह दिया था.
विपक्ष का हमला: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं ने भी इस बयान को लेकर धीरेंद्र शास्त्री और भाजपा को घेरा था.
कुंडा की कथा से लखनऊ मुलाकात तक सियासी मायने
हाल ही में प्रतापगढ़ के कुंडा में विधायक राजा भैया के यहां धीरेंद्र शास्त्री की राम कथा हुई थी, जिसमें कई बड़े नेता शामिल हुए थे. इसी मंच से 'राधे-राधे' के नारे और मथुरा में कार सेवा का मुद्दा उठाकर अखिलेश यादव को चुनौती दी गई थी. विपक्ष का आरोप है कि चुनावी लाभ लेने के लिए जानबूझकर ऐसे माहौल बनाए जा रहे हैं.
ऐसे में चौतरफा विवादों के बीच सीएम योगी और धीरेंद्र शास्त्री की इस मुलाकात को लेकर सियासी गलियारों में यही सवाल उठ रहा है कि क्या यह केवल एक शोक संवेदना भेंट थी या इसके जरिए कोई बड़ा राजनीतिक संदेश भी दिया गया है.
ADVERTISEMENT










