उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव अब पूरी तरह चुनावी मोड में आ गए हैं. गुरुपर्व के मौके पर अखिलेश यादव ने अपने तीसरे उम्मीदवार के नाम का ऐलान करते हुए आजमगढ़ की हॉट सीट अतरौलिया से मौजूदा विधायक संग्राम सिंह यादव को एक बार फिर मैदान में उतारने की घोषणा की है. खास बात यह है कि जिस सीट को लेकर एनडीए के दो सहयोगी दलों-निषाद पार्टी और सुभासपा-के बीच घमासान मचा हुआ है, वहां सपा ने पहले ही अपना उम्मीदवार तय करके चुनावी बढ़त बनाने की कोशिश की है.
ADVERTISEMENT
निषाद पार्टी पर अखिलेश का तंज
मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने अतरौलिया सीट से संग्राम सिंह यादव की ऐतिहासिक जीत का दावा किया. इस दौरान उन्होंने भाजपा और उसके सहयोगी दलों के बीच चल रही खींचतान पर चुटकी ली. बिना नाम लिए निषाद पार्टी के चुनाव चिह्न 'नाव' की ओर इशारा करते हुए अखिलेश ने कहा, "दूसरी पार्टी को सोचो कितनों को खुश करना है. सुना है कहीं नाव तो ऐसा है इस तट के उस तट, किस तट खड़ी हो जाए? अतरौलिया में भाई नाव तो यह है कि किस तट खड़ी हो जाए-इस तट पे कि उस तट पर?"
अखिलेश यादव ने कहा कि जिस दिन चुनाव की तारीखों का ऐलान होगा, उसी दिन भाजपा हार जाएगी. उन्होंने सपा सरकार के समय बने एक्सप्रेसवे, फोर-लेन सड़कों और अस्पतालों का जिक्र करते हुए कहा कि अतरौलिया की जनता इन विकास कार्यों को जानती है. इसी क्रम में उन्होंने अतरौलिया के जिला पंचायत गेस्ट हाउस पर तंज कसते हुए कहा कि सुना है कोई 'गमछे वाला' वहीं बैठकर सारा हिसाब-किताब करता है.
अतरौलिया सीट पर एनडीए में क्यों फंसा है पेंच?
पूर्वांचल की अतरौलिया विधानसभा सीट इस समय एनडीए के लिए सिरदर्द बनी हुई है, क्योंकि यहां भाजपा के दो प्रमुख सहयोगी दल आमने-सामने हैं.
निषाद पार्टी का दावा: 2022 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से संजय निषाद के बेटे ने चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार मिली थी. संजय निषाद का कहना है कि क्षेत्र में निषाद वोट बैंक सबसे ज्यादा है और पिछली बार वे यहां से लड़ चुके हैं, इसलिए इस सीट पर उनका हक बनता है.
ओमप्रकाश राजभर की दावेदारी: 2022 में सपा के साथ चुनाव लड़ने के बाद अब एनडीए में शामिल हो चुके सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर अपने बेटे के लिए इस सीट पर दावा ठोक रहे हैं. राजभर का तर्क है कि वे पिछले 3 साल से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं और लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं.
संग्राम सिंह यादव और उनके परिवार का सियासी दबदबा
अतरौलिया सीट को समाजवादी पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है. संग्राम सिंह यादव ने 2012, 2017 और 2022 में लगातार तीन बार भाजपा लहर के बावजूद यहां से जीत दर्ज की है.
संग्राम सिंह यादव से पहले उनके पिता बलराम यादव भी लोकदल, जनता दल, जनता पार्टी और सपा के टिकट पर कई बार यहां से विधायक रह चुके हैं. बलराम यादव मुलायम सिंह यादव से लेकर अखिलेश यादव की सरकार तक कैबिनेट मंत्री भी रहे. ऐसे में संग्राम सिंह यादव अपने पिता की इसी मजबूत राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं.
ADVERTISEMENT










