देव दीपावली को लेकर काशी तैयार: 51 घाटों पर होगी गंगा आरती, 2100 ड्रोन का शो और कड़े सुरक्षा इंतजाम

रोशन जायसवाल

• 12:57 PM • 24 Nov 2026

देव दीपावली की शुरुआत लगभग चार दशक पहले पंचगंगा घाट पर हुई. इस बार 2100 ड्रोन शो, फायर क्रिकेट और लेजर शो होंगे। गंगा की महा आरती 51 घाटों पर आयोजित की जाएगी. प्रशासन सुरक्षा को लेकर पूरी तरह तैयार है. यह पर्व भगवान शंकर के त्रिपुरा राक्षस वध के अवसर पर भव्य तरीके से मनाया जाता है.

Google CTA

वाराणसी: कार्तिक पूर्णिमा पर मनाए जाने वाले विश्वप्रसिद्ध देव दीपावली महोत्सव के लिए काशी पूरी तरह सजकर तैयार है. लगभग चार दशक पहले पंचगंगा घाट से शुरू हुई इस परंपरा ने आज भव्य और दिव्य स्वरूप ले लिया है. इस बार देव दीपावली पर 51 घाटों पर मां गंगा की आरती, 2100 ड्रोन का शो, लेजर शो और फायर क्रैकर शो मुख्य आकर्षण होंगे. वहीं सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं.

यह भी देखें...

पंचगंगा घाट से शुरू हुई ऐतिहासिक परंपरा

देव दीपावली की शुरुआत करीब चार दशक पहले 1985 में काशी के पंचगंगा घाट से हुई थी. स्थानीय लोगों ने लगभग 10 कनस्तर तेल और हजारों दीपकों से इसकी नींव रखी थी जो आगे चलकर आसपास के घाटों और पूरी काशी में फैल गई.

मान्यता है कि पंचगंगा घाट पर गंगा, यमुना और सरस्वती के साथ धूतपापा और किरणा नदियों का संगम होता है जिससे कार्तिक मास में यहां दीपदान और आकाश दीप जलाने का विशेष महत्व है. पौराणिक कथाओं के अनुसार, भगवान शिव द्वारा त्रिपुरासुर वध के उपलक्ष्य में देवताओं ने कार्तिक पूर्णिमा पर उत्सव मनाया था जिसकी परंपरा आज भी दीपदान के रूप में जीवित है.

इस बार के खास आकर्षण और 51 घाटों पर आरती

इस वर्ष देव दीपावली को और अधिक भव्य बनाने के लिए कई विशेष आयोजन किए जा रहे हैं.

51 घाटों पर गंगा आरती: पहले जहां कुछ प्रमुख घाटों पर ही आरती होती थी. वहीं इस बार समितियों के सहयोग से 51 घाटों पर मां गंगा का पूजन और आरती आयोजित की जा रही है.

2100 ड्रोन शो: नमो घाट से राजघाट के बीच 2100 ड्रोन उड़ान भरेंगे और शिव तांडव व गंगा के उद्गम समेत दर्जनों आकृतियां आकाश में उकेरेंगे.

लेजर और फायर क्रैकर शो: चेतसिंह घाट पर लेजर शो और सामने डोमरी में फायर क्रैकर शो दर्शकों को आकर्षित करेगा.

शहीदों को नमन: दशाश्वमेध घाट पर हमेशा की तरह शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी जाएगी और उनके परिवारों को ‘भागीरथ शौर्य सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा.

सुरक्षा और यातायात के कड़े इंतजाम

देव दीपावली के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है. पूरे घाट क्षेत्र को जोन, सेक्टर और सब-सेक्टर में बांटकर पुलिस, पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है. इसके अलावा गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी मुस्तैद रहेंगी. नावों के सुरक्षित संचालन के लिए गंगा में दो लेन भी बनाए जा रहे हैं.