सहारनपुर देहात सीट से सपा ने आशु मलिक को बनाया उम्मीदवार, ग्रमीणों ने बताई अपने मन की बात

राहुल कुमार

• 03:24 PM • 26 Nov 2026

सपा से दोबारा टिकट मिलने के बाद सहारनपुर देहात में विधायक आशु मलिक को लेकर ग्रामीणों की राय सामने आई है. लोगों ने उनके कामकाज की तारीफ की है. इसके साथ ही इमरान मसूद के उम्मीदवार, बसपा, चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी के प्रभाव पर भी अपनी बात रखी है.

Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है, जिसमें सहारनपुर के दो मौजूदा विधायकों को फिर से मौका दिया गया है. इस लिस्ट में सहारनपुर देहात सीट से मौजूदा विधायक आशु मलिक का नाम भी शामिल है. आशु मलिक को दोबारा टिकट मिलने के बाद आम जनता का मिजाज जानने के लिए सहारनपुर देहात के गांव निवादा तिवारी में यूपी तक ने ग्रामीणों से बातचीत की है. इस दौरान जहां एक तरफ ग्रामीणों ने आशु मलिक के कामकाज की जमकर तारीफ की और उन्हें दोबारा जिताने का दावा किया, वहीं कांग्रेस सांसद इमरान मसूद द्वारा इस सीट से अपना उम्मीदवार उतारने की चर्चाओं पर भी खुलकर अपनी बात रखी. इसके साथ ही इलाके में बसपा, चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के असर को लेकर भी लोगों की अलग-अलग राय सामने आई है.

यह भी देखें...

विधायक के काम से ग्रामीण खुश

निवादा तिवारी गांव के ज्यादातर लोगों ने आशु मलिक को दोबारा टिकट मिलने पर खुशी जताई है. ग्रामीण कमल सिंह ने कहा कि मौजूदा विधायक ने क्षेत्र में अच्छा काम किया है, इसलिए उन्हें दोबारा टिकट मिला है और वे आसानी से जीत जाएंगे. नौशाद और मसरूर ने कहा कि आशु मलिक हर गांव में विकास कार्य कराते हैं और सबके सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं. नौशाद ने तो यहां तक कहा कि वे बिना टिकट के भी चुनाव लड़ें तो जीत जाएंगे. वहीं, सलीम और उमन अहमद ने भी आशु मलिक के कामकाज से संतुष्टि जताते हुए उन्हें ही वोट देने की बात कही. सरफराज ने विधायक को बधाई देते हुए कहा कि जितना विकास आशु मलिक ने कराया है, उतना शायद ही किसी विधायक ने कराया हो.

इमरान मसूद के उम्मीदवार पर विरोध

सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद द्वारा देहात सीट से शाहनवाज खान या अपने किसी अन्य उम्मीदवार को लड़ाने की चर्चाओं पर भी ग्रामीणों ने अपनी राय दी. गौ मुगल माजरा के रहने वाले मोहम्मद आरिफ ने बताया कि आशु मलिक ने उनके गांव से 33 हजार वोल्ट की बिजली की लाइन हटवाई, जिसे पहले के नेताओं ने नहीं हटवाया था. आरिफ ने इमरान मसूद पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वे मुसीबत के समय उनके बीच नहीं आए, इसलिए निवादा और गौ मुगल माजरा से उनके उम्मीदवार को वोट नहीं मिलेगा और लोग आशु मलिक का ही साथ देंगे. हालांकि, सरफराज का मानना है कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन बना रहेगा और यह टूटेगा नहीं.

बसपा और दलित वोटों का समीकरण

बातचीत के दौरान क्षेत्र में बसपा, चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी के प्रभाव पर भी चर्चा हुई. ग्रामीण संजय ने कहा कि वे चाहते हैं कि भाजपा हटे, सपा की सरकार बने और आशु मलिक जीतें. बसपा नेता आकाश आनंद द्वारा सपा को भाजपा की 'बी पार्टी' बताने पर संजय ने कहा कि हर पार्टी की अपनी विचारधारा होती है. उन्होंने यह भी कहा कि चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी के आने से गठबंधन पर खास फर्क नहीं पड़ेगा, बल्कि उनसे ज्यादा वोट बसपा के पास हैं. वहीं, राजकुमार नाम के ग्रामीण ने साफ कहा कि वे बसपा को ही वोट देंगे. उन्होंने अखिलेश यादव के पीडीए फॉर्मूले पर सवाल उठाते हुए कहा कि दलित समाज का वोट आशु मलिक को बिल्कुल नहीं मिलेगा, क्योंकि उन्होंने उनके गांव में कोई काम नहीं कराया है और बसपा का वोट पूरी तरह फिक्स है.