UP Police SI Result 2026: उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं का इंतजार अब खत्म हो गया है. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने यूपी पुलिस उपनिरीक्षक (SI) भर्ती 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है. 14 जुलाई 2026 को भर्ती बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए इसकी जानकारी दी. रिजल्ट जारी होते ही चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई. वहीं, जिन शिक्षकों और कोचिंग संस्थानों ने इन उम्मीदवारों को तैयारी कराई थी, उन्होंने भी खुशी जाहिर की.
ADVERTISEMENT
4543 पदों पर हुआ अंतिम चयन
यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से जारी सूचना के अनुसार, उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती 2025 के तहत अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है.
मार्च 2026 में आयोजित लिखित परीक्षा, इसके बाद के चरणों और निर्धारित नियमों के आधार पर कुल 4543 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है. बोर्ड ने पदवार, समेकित और श्रेणीवार चयन सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है. अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट और चयन सूची देख सकते हैं. इसके लिए अलग से लिंक भी उपलब्ध कराया गया है, जहां उम्मीदवार सीधे फाइनल रिजल्ट की पीडीएफ डाउनलोड कर सकते हैं.
22 जुलाई को जारी होंगे नॉर्मलाइज्ड स्कोर
भर्ती बोर्ड ने यह भी बताया है कि लिखित परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों के नॉर्मलाइज्ड स्कोर 22 जुलाई 2026 को जारी किए जाएंगे. उम्मीदवार बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपने अंक देख सकेंगे. बोर्ड ने सफल उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
11 महीने में पूरी हुई भर्ती प्रक्रिया
यूपी SI भर्ती 2025 का नोटिफिकेशन 12 अगस्त 2025 को जारी किया गया था. इसके बाद 14 और 15 मार्च 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई. परीक्षा के बाद सफल उम्मीदवारों को अगले चरणों के लिए बुलाया गया और करीब 12 हजार अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) के लिए चुना गया था.
इन चरणों का आयोजन 15 से 17 जून 2026 के बीच किया गया, जिसमें 11,637 उम्मीदवार सफल रहे. सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अब फाइनल मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई है.
कोचिंग शिक्षकों ने भर्ती प्रक्रिया पूरी होने पर खुशी जाहिर की. हालांकि उन्होंने मांग की कि नॉर्मलाइज्ड मार्क्स के साथ-साथ रॉ मार्क्स और पूरी जानकारी भी सार्वजनिक की जानी चाहिए.
15 लाख से ज्यादा युवाओं ने कराया था रजिस्ट्रेशन
यूपी पुलिस SI भर्ती के लिए बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया था. इस भर्ती में कुल 15 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. लिखित परीक्षा के बाद सफल उम्मीदवारों को आगे के चरणों में शामिल किया गया और अंत में 4543 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया.
चयनित युवाओं के घरों में जश्न का माहौल
फाइनल रिजल्ट जारी होने के बाद उत्तर प्रदेश के कई जिलों में चयनित उम्मीदवारों के घरों में जश्न का माहौल है. लंबे समय से मेहनत कर रहे युवाओं को अब यूपी पुलिस में दरोगा बनने का मौका मिलेगा. वहीं, जो उम्मीदवार इस बार सफल नहीं हो पाए हैं, उनके लिए शिक्षकों ने हिम्मत बनाए रखने और आने वाली भर्तियों की तैयारी जारी रखने की अपील की है.
ADVERTISEMENT










