SSC CHT Exam Cancelled: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से कर्मचारी चयन आयोग यानी SSC की परीक्षा में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. सेक्टर 155 स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र पर 8 सितंबर को आयोजित एसएससी कंबाइंड हिंदी ट्रांसलेटर (CHT) टियर-1 परीक्षा के दौरान अचानक सर्वर ठप हो गया. दोपहर 12 बजे परीक्षा शुरू होनी थी. लेकिन सिस्टम में लॉगिन न होने और घंटों इंतजार कराने के बाद करीब ढाई हजार अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा. परीक्षा केंद्र के बाहर हुए भारी हंगामे के बाद एसएससी नॉर्थ रीजन ने परीक्षा को निरस्त कर दिया है. अब यह परीक्षा 13 सितंबर को दोबारा आयोजित की जाएगी.
ADVERTISEMENT
12 बजे शुरू होना था पेपर लेकिन ठप पड़ गए कंप्यूटर
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 155 स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र पर एसएससी सीएचटी (Combined Hindi Translators) की टियर-1 कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) परीक्षा का आयोजन किया गया था. दूर-दराज के जिलों से लगभग 2000 से 2500 अभ्यर्थी समय से पहले केंद्र पहुंच चुके थे. जैसे ही 12 बजे परीक्षा शुरू होने का समय आया सेंटर का मुख्य सर्वर क्रैश हो गया. कंप्यूटर स्क्रीन्स पर एरर मैसेज आने लगे और अभ्यर्थियों का लॉगिन ही नहीं हो सका.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
काफी देर इंतजार के बाद भी जब तकनीकी खामी ठीक नहीं हुई तो अभ्यर्थियों ने केंद्र के बाहर और अंदर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो में अभ्यर्थी कंप्यूटर स्क्रीन पर आ रहा सर्वर डाउन का मैसेज दिखाते हुए एसएससी की बदहाली पर सवाल उठाते नजर आए. दूर-दूर से आए परीक्षार्थियों का कहना था कि उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हुआ और बिना परीक्षा दिए ही उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है.
रद्द हुई परीक्षा
हंगामे की सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने आक्रोशित अभ्यर्थियों को समझा-बुझाकर शांत कराया. नॉलेज पार्क थाना प्रभारी के अनुसार, तकनीकी गड़बड़ी के चलते एसएससी नॉर्थ रीजन द्वारा इस परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया गया. अधिकारियों ने घोषणा की कि प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए यह परीक्षा रविवार 13 सितंबर 2026 को दोबारा आयोजित की जाएगी.
क्या है SSC CHT परीक्षा का पैटर्न?
कर्मचारी चयन आयोग (SSC) द्वारा आयोजित कंबाइंड हिंदी ट्रांसलेटर परीक्षा के माध्यम से केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संगठनों में हिंदी व अंग्रेजी ट्रांसलेटर की नियुक्ति की जाती है.
टियर-1 (CBT): यह कंप्यूटर आधारित वस्तुनिष्ठ (Objective/MCQ) परीक्षा होती है जिसमें सामान्य हिंदी और सामान्य अंग्रेजी के 100-100 प्रश्न पूछे जाते हैं.
टियर-2 (Descriptive): टियर-1 में सफल अभ्यर्थी टियर-2 की डिस्क्रिप्टिव परीक्षा में बैठते हैं जिसमें निबंध और अनुवाद से संबंधित सवाल होते हैं. इसके आधार पर ही अंतिम मेरिट बनती है.
बार-बार उठ रहे व्यवस्था पर सवाल
SSC के परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी खराबी का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी नॉर्थ रीजन के कई केंद्रों पर सर्वर डाउन होने, क्षमता से अधिक अभ्यर्थियों को बुलाए जाने और कंप्यूटर सिस्टम ठीक से काम न करने की शिकायतें आ चुकी हैं. दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए हालिया प्रदर्शनों के बीच एक बार फिर परीक्षा केंद्र की इस तरह की अव्यवस्था ने हजारों युवाओं के भविष्य और आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ADVERTISEMENT











