UP Special TET 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने Special TET 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. यह विशेष परीक्षा उन शिक्षकों के लिए आयोजित की जा रही है जो पहले से ही उत्तर प्रदेश के राज्य द्वारा संचालित, स्थानीय निकाय और सहायता प्राप्त प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में काम कर रहे हैं, साथ ही यह परीक्षा विशेष शिक्षकों (CWSN) के लिए भी है. शिक्षक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.upessc.up.gov.in पर जाकर 5 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक अपना ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. यह विशेष परीक्षा 3 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी.
ADVERTISEMENT
आवेदन और परीक्षा की जरूरी तारीखें
स्पेशल टीईटी के लिए ऑनलाइन आवेदन 5 सितंबर 2026 से शुरू हो गए हैं और फॉर्म भरने व फीस जमा करने की आखिरी तारीख 4 अक्टूबर 2026 है. अगर फॉर्म भरते समय कोई गलती हो जाती है, तो उम्मीदवार 8 अक्टूबर 2026 तक उसमें सुधार कर सकते हैं. इस विशेष पात्रता परीक्षा का आयोजन 3 नवंबर 2026 को किया जाएगा.
परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
जानिए कौन कर सकता है आवेदन
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद यह परीक्षा उन शिक्षकों के लिए आयोजित की जा रही है, जो शिक्षक प्राइमरी लेवल (कक्षा 1 से 5) के लिए राज्य सरकार, स्थानीय निकायों और मान्यता प्राप्त या सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ा रहे हैं. इसी तरह, जूनियर लेवल (कक्षा 6 से 8) के लिए उच्च प्राथमिक और जूनियर हाई स्कूल स्तर के स्कूलों में काम कर रहे. जिनकी भर्ती बिना TET के हुई थी. या हालिया परीक्षा में सफल नहीं हो पाए थे.
इसके साथ ही करीब 2500 संविदा विशेष शिक्षकों (CWSN) को भी यह परीक्षा देनी होगी. विशेष शिक्षकों के पास संबंधित विषय में डिग्री/डिप्लोमा के साथ भारतीय पुनर्वास परिषद (RCI) का पंजीकरण होना अनिवार्य है.
उम्मीदवारों के लिए तय आयु सीमा
यूपी स्पेशल टीईटी 2026 के लिए आवेदन करने वाले सेवारत शिक्षकों और विशेष शिक्षकों की अधिकतम आयु 60 वर्ष निर्धारित की गई है. उम्मीदवारों की उम्र की गणना परीक्षा की तारीख, यानी 3 नवंबर 2026, को आधार मानकर की जाएगी.
वर्ग के अनुसार तय आवेदन शुल्क
इस परीक्षा का फॉर्म भरने के लिए सामान्य, ओबीसी (OBC) और ईडब्ल्यूएस (EWS) वर्ग के उम्मीदवारों को 1000 रुपये का आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा. वहीं, अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के शिक्षकों के लिए यह फीस 500 रुपये रखी गई है, जबकि दिव्यांग वर्ग (PH) के उम्मीदवारों को 300 रुपये का भुगतान करना होगा.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
- सबसे पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.upessc.up.gov.in पर जाएं.
- होमपेज पर दिखाई दे रहे "UPESSC UP Special TET 2026 Apply Online" लिंक पर क्लिक करें.
- अपनी वैध ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर का उपयोग करके अपना रजिस्ट्रेशन करें.
- इसके बाद मिली हुई रजिस्ट्रेशन आईडी और पासवर्ड का उपयोग करके लॉगिन करें.
- अपनी व्यक्तिगत, शैक्षणिक और श्रेणी से जुड़ी जानकारी के साथ एप्लीकेशन फॉर्म भरें.
- स्कैन की गई पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें.
परीक्षा का पैटर्न और पासिंग मार्क्स
यह परीक्षा कुल ढ़ाई घंटे की होगी, जिसमें 150 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) पूछे जाएंगे और हर सवाल एक अंक का होगा. उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर यह है कि इस परीक्षा में कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी. परीक्षा पास करने के लिए सामान्य वर्ग को 150 में से कम से कम 90 अंक (60 प्रतिशत) लाने होंगे. वहीं, आरक्षित वर्गों (SC, ST, OBC, दिव्यांग) और ईडब्ल्यूएस (EWS) श्रेणी के उम्मीदवारों को पास होने के लिए 82 अंक (55 प्रतिशत) प्राप्त करने होंगे.
क्या है यूपी स्पेशल टीईटी?
यूपी स्पेशल टीईटी 2026 उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित एक विशेष परीक्षा है. यह परीक्षा नई नौकरी तलाशने वालों के लिए नहीं है, बल्कि उन शिक्षकों और विशेष शिक्षकों (CWSN) के लिए है जो पहले से ही सरकारी, स्थानीय निकाय और सहायता प्राप्त स्कूलों में काम कर रहे हैं और जिन्होंने अभी तक टीईटी पास नहीं किया है. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सभी सेवारत शिक्षकों के लिए 31 अगस्त 2028 तक टीईटी पास करना अनिवार्य हो गया है. इस परीक्षा को पास करने के बाद ही कार्यरत शिक्षक नए पात्रता नियमों के तहत अपनी नौकरी कानूनी रूप से जारी रख सकेंगे.
यह भी पढ़ें: घर बैठकर होगा आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट, इस ऐप से कुछ मिनटों का है ये काम! जानें पूरी प्रक्रिया
ADVERTISEMENT











