उत्तर प्रदेश के बलिया में मंदिर में रहकर पूजा-पाठ करने को लेकर एक दलित व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि दो लोगों ने उसके साथ जातिसूचक गालियां दीं और मारपीट की. इसके बाद उसे मंदिर परिसर में बंद कर दिया गया. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
मामला रसड़ा थाना क्षेत्र के सरदासपुर गांव का है. पुलिस के मुताबिक, पीड़ित नगीना राम गांव के काली मंदिर में रहता है और वहां पूजा करता है. आरोप है कि रविवार शाम इसी बात को लेकर विशाल सिंह और अंकित सिंह ने उसके साथ मारपीट की.
खेत में काम कर रहे लोग पहुंचे तो मंदिर में बंद करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने नगीना राम को जातिसूचक शब्द कहे और उसके साथ मारपीट की. इसी दौरान पास के खेत में काम कर रहे कुछ लोग मौके पर पहुंच गए. आरोप है कि इसके बाद दोनों ने नगीना राम को मंदिर परिसर के अंदर बंद कर दिया.
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में दोनों आरोपी उसके घर पहुंचे और जान से मारने की धमकी दी.
SC-ST एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने नगीना राम की शिकायत के आधार पर रविवार देर रात रसड़ा थाने में विशाल सिंह और अंकित सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है.
रसड़ा थाना प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- 26 नवंबर को क्या करने वाले हैं अखिलेश? 2027 के चुनाव से पहले सपा का बड़ा सरप्राइज
ADVERTISEMENT











