IOB Vacancy 2026: 10वीं पास युवाओं के लिए बैंक में सरकारी नौकरी का शानदार मौका, 37815 रुपये तक मिलेगी सैलरी

यूपी तक

• 05:08 PM • 28 Aug 2026

IOB Vacancy 2026: इंडियन ओवरसीज बैंक ने सिक्योरिटी गार्ड के 25 पदों पर भर्ती निकाली है. 10वीं पास पूर्व सैनिक और पूर्व अग्निवीर इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं. चयनित उम्मीदवारों को 19,500 से 37,815 रुपये तक वेतन मिल सकता है.

UP Tak
Google CTA

IOB Vacancy 2026: 10वीं पास युवाओं के लिए बैंक में नौकरी पाने का मौका है. इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) ने सिक्योरिटी गार्ड के 25 पदों पर भर्ती निकाली है. इस भर्ती के लिए केवल पूर्व सैनिक और पूर्व अग्निवीर ही आवेदन कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और फॉर्म ऑनलाइन भरे जाएंगे.

यह भी पढ़ें...

इंडियन ओवरसीज बैंक ने इस भर्ती में कुल 25 अस्थायी पद रखे हैं. इनमें सामान्य वर्ग के लिए 12, ओबीसी के लिए 7, एससी के लिए 4 और ईडब्ल्यूएस के लिए 2 पद हैं. एसटी वर्ग के लिए कोई पद नहीं रखा गया है. उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले योग्यता, उम्र और सैन्य सेवा से जुड़ी शर्तों को जरूर देख लेना चाहिए.

आवेदन की जरूरी शर्त

इस भर्ती में आवेदन करने की शर्त है कि उम्मीदवार पूर्व सैनिक या पूर्व अग्निवीर होना चाहिए. इसके साथ शैक्षणिक योग्यता, आयु और सैन्य सेवा से जुड़ी निर्धारित शर्तें भी पूरी करनी होंगी.

उम्मीदवार का 10वीं कक्षा या इसके बराबर परीक्षा पास होना जरूरी है. वहीं, जिन उम्मीदवारों ने स्नातक की परीक्षा पास कर ली है, वे इस भर्ती के लिए आवेदन नहीं कर सकते हैं.

तमिल भाषा का ज्ञान जरूरी

उम्मीदवार को तमिल भाषा बोलना, पढ़ना और लिखना भी आना चाहिए. इसके अलावा सैन्य सेवा से मुक्त होने के समय उम्मीदवार का चरित्र आकलन उत्कृष्ट होना चाहिए और उसे शेप-1 या एवाईई मेडिकल स्टैंडर्ड पूरा करना जरूरी है.

कितनी उम्र होनी चाहिए?

उम्र की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी. सामान्य तौर पर इस भर्ती के लिए आयु सीमा 18 से 26 वर्ष है. हालांकि पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को उनकी सैन्य सेवा के आधार पर विशेष आयु छूट दी जाएगी.

  • सामान्य वर्ग के लिए 26 वर्ष + वास्तविक सेवा + 3 वर्ष
  • एससी/एसटी के लिए 31 वर्ष + वास्तविक सेवा + 3 वर्ष 
  • ओबीसी के लिए 29 वर्ष + वास्तविक सेवा + 3 वर्ष 
  • अग्निवीरों के लिए 21 वर्ष + वास्तविक अग्निवीर सेवा + 3 वर्ष 

सभी श्रेणियों के लिए अधिकतम आयु 45 वर्ष रखी गई है. सीमा आरक्षित वर्ग और अग्निवीर उम्मीदवारों पर भी लागू होगी.

37,815 रुपये तक पहुंच सकता है वेतन

आईओबी में चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति अधीनस्थ संवर्ग में सुरक्षा प्रहरी के पद पर होगी. इस पद का वेतनमान 19,500 रुपये से 37,815 रुपये तक है.

पूर्व सैनिकों के लिए मूल वेतन संरक्षण का भी प्रावधान है. इसके तहत उनके अंतिम सैन्य वेतन के आधार पर मूल वेतन तय किया जाएगा. नियुक्ति के बाद उम्मीदवार को छह महीने की परिवीक्षा अवधि पूरी करनी होगी.

सुरक्षा प्रहरी की ड्यूटी केवल सामान्य ऑफिस टाइम तक सीमित नहीं रहेगी. उम्मीदवारों को 24 घंटे, सातों दिन और पूरे साल शिफ्ट में काम करने के लिए तैयार रहना होगा. जरूरत पड़ने पर रात की शिफ्ट और छुट्टियों में भी ड्यूटी करनी पड़ सकती है.

14 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन

उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए आईओबी की आधिकारिक वेबसाइट iob.bank.in पर जाना होगा. इसके बाद करियर सेक्शन में जाकर सिक्योरिटी गार्ड भर्ती से संबंधित लिंक खोलना होगा. ऑनलाइन आवेदन विकल्प पर क्लिक करके मांगी गई जानकारी भरनी होगी और रजिस्ट्रेशन पूरा करना होगा. ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख 14 सितंबर 2026 है. 

यूपीएससी ने EPFO में इस विभाग के 80 पदों पर निकाली भर्ती, ₹56100 से लेकर ₹177500 तक मिलेगी मंथली सैलरी