Breaking News: NEET (UG) 2026 की नई तारीख का ऐलान, 21 जून को दोबारा होगी परीक्षा

यूपी तक

15 May 2026 (अपडेटेड: 15 May 2026, 12:42 PM)

NEET UG 2026 New Exam Date: NTA ने NEET (UG) 2026 की नई तारीख का ऐलान कर दिया है. 21 जून को दोबारा होगी परीक्षा. छात्रों की पुरानी फीस वापस होगी और दोबारा परीक्षा के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा.

NEET UG 2026 New Exam Date

NEET UG 2026 New Exam Date

Google CTA

NEET UG 2026 New Exam Date: मेडिकल की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों के लिए इस वक्त की सबसे बड़ी खबर है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने भारत सरकार की मंजूरी के बाद NEET (UG) 2026 की दोबारा परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है. अब यह परीक्षा रविवार, 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी.

यह भी पढ़ें...

क्यों रद्द हुई थी परीक्षा?

बता दें कि 3 मई 2026 को हुई नीट (UG) की परीक्षा को पारदर्शिता की कमी के चलते रद्द कर दिया गया था. जांच एजेंसियों से मिले इनपुट्स और सबूतों से साफ हुआ था कि परीक्षा की प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने पूरे प्रकरण की गहन जांच का जिम्मा CBI को सौंप दिया है. NTA ने स्पष्ट किया है कि वे जांच में पूरी तरह सहयोग करेंगे.

छात्रों को नहीं देना होगा कोई पैसा, फीस होगी वापस

लाखों छात्रों और उनके परिवारों के आर्थिक बोझ को कम करने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. छात्रों द्वारा पहले जमा की गई पूरी फीस वापस कर दी जाएगी. दोबारा परीक्षा का पूरा खर्च NTA खुद उठाएगा. छात्रों को न तो कोई नया रजिस्ट्रेशन कराना होगा और न ही कोई अतिरिक्त फीस देनी होगी. मई 2026 के चक्र में जो डेटा और सेंटर चुने गए थे, उन्हें ही आगे बढ़ाया जाएगा. दोबारा फॉर्म भरने की जरूरत नहीं है.

NTA का बयान- असुविधा के लिए खेद, पर भरोसा जरूरी

NTA ने स्वीकार किया है कि परीक्षा दोबारा कराने से उम्मीदवारों को बड़ी असुविधा होगी. एजेंसी ने कहा, "हम इस परिणाम को हल्के में नहीं ले रहे हैं, लेकिन अगर परीक्षा रद्द नहीं की जाती, तो यह राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली के भरोसे को और भी गहरा नुकसान पहुंचाता."

भ्रामक खबरों से सावधान रहने की अपील

NTA ने उम्मीदवारों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी अपुष्ट खबर पर ध्यान न दें. एडमिट कार्ड जारी होने का शेड्यूल और अन्य जानकारियां केवल आधिकारिक चैनलों और वेबसाइट के माध्यम से ही साझा की जाएंगी.