पत्नी के साथ अवैध संबंधों का शक और हाथ में तलवार... गाजियाबाद में खूब मचा बवाल, देखें वीडियो

गाजियाबाद के विजय नगर में एक शख्स ने अवैध संबंधों के शक में अपने पड़ोसी पर तलवार से हमला किया. सीसीटीवी में कैद हुई वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

यूपी तक

• 05:06 PM • 18 Apr 2026

follow google news

गाजियाबाद के विजय नगर इलाके से 'खूनी' शक की एक दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जहाँ एक शख्स ने अपने ही पड़ोसी पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया. सनक और शक की इंतहा ऐसी थी कि हमलावर सरेराह तलवार भांजता रहा और पीड़ित जान बचाने के लिए भागता रहा. इस पूरी वारदात का वीडियो सीसीटीवी (CCTV) में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

यह भी पढ़ें...

सरेराह तलवार से तांडव, कान कटकर अलग हुआ

घटना विजय नगर थाना क्षेत्र के गोकुलधाम सोसाइटी के पास की है. 16 अप्रैल की शाम आरोपी नितिन ने अचानक तलवार निकाली और अपने पड़ोसी अभिषेक पर टूट पड़ा. नितिन ने अभिषेक पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गया. हमले में अभिषेक का कान कटकर अलग हो गया और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. घायल अभिषेक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.

वजह- पत्नी से 'अवैध संबंधों' का शक

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस खूनी संघर्ष की जड़ में 'शक' था. आरोपी नितिन को संदेह था कि अभिषेक के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं. इसी रंजिश में उसने अभिषेक को खत्म करने का मन बना लिया और सरेआम बीच सड़क पर तलवार लेकर उस पर हमला बोल दिया.

सीसीटीवी में कैद हुई खौफनाक तस्वीर

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे अभिषेक अपनी जान बचाने के लिए भाग रहा है और नितिन तलवार लेकर उसके पीछे दौड़ रहा है. वह बार-बार अभिषेक पर प्रहार करता है. इस वीडियो के सामने आने के बाद गाजियाबाद की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं कि कैसे कोई व्यक्ति सरेआम हथियार लहराते हुए हमला कर सकता है.

पुलिस का एक्शन, आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की है. पुलिस ने आरोपी नितिन को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल की गई तलवार भी बरामद कर ली है. पुलिस अब अन्य साक्ष्यों को जुटाने में लगी है ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके.