उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में तैनात कांस्टेबल श्रीकांत ने दिल्ली की एक महिला और उसके साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है. सिपाही का आरोप है कि उसे साजिश के तहत फंसाकर पहले जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया गया और फिर केस खत्म करने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठे गए.
ADVERTISEMENT
'हनीट्रैप' से जेल तक की साजिश
कांस्टेबल श्रीकांत के अनुसार, हिना नाम की महिला ने उसे अपने जाल में फंसाया और बाद में उस पर झूठे आरोप लगाकर उसे जेल भिजवा दिया. आरोप है कि जब सिपाही जेल में था, तब महिला और उसके गिरोह ने केस वापस लेने के बदले उसके परिवार से लाखों रुपये की मोटी रकम वसूली. यही नहीं, सिपाही को डरा-धमकार अलग-अलग दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर भी कराए गए.
जबरन धर्मांतरण और 'कलमा' पढ़ाने का दबाव
सिपाही ने पुलिस को दी शिकायत में धर्मांतरण के गंभीर आरोप लगाए हैं:
- धर्म परिवर्तन: महिला और उसके साथी लगातार श्रीकांत पर धर्म बदलने का दबाव बना रहे थे.
- कलमा और वीडियो कॉल: पीड़ित का दावा है कि उसे जबरन 'कलमा' पढ़ना सिखाया गया. आरोपियों ने वीडियो कॉल के जरिए उसे प्रताड़ित किया और अभद्र मांगें भी रखीं.
पुलिस की कार्रवाई और जांच
बागपत पुलिस ने आरोपी महिला हिना और उसके साथियों के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग से शुरू होकर गंभीर आपराधिक साजिश तक पहुंचा है. फिलहाल पुलिस साक्ष्यों को इकट्ठा कर रही है ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके और दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जा सके.
ADVERTISEMENT









