Lakhimpur Court Firing: कोर्ट परिसर में घुस कर वकील को मार दी गोली, हमलावर का नाम सुन सब रह गए दंग

लखीमपुर खीरी के कचहरी परिसर में 6 अप्रैल को अधिवक्ताओं के बीच हुई गोलीबारी में एक वकील घायल हो गया. आपसी रंजिश के चलते अधिवक्ता विराट राज ने अपने भाई पर फायरिंग की.

यूपी तक

• 12:33 PM • 07 Apr 2026

follow google news

लखीमपुर खीरी के कचहरी परिसर में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आपसी विवाद में वकीलों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. कानून के रक्षक माने जाने वाले अधिवक्ताओं के बीच हुई इस गोलीबारी ने पूरे जिले के प्रशासनिक और न्यायिक हलके में हड़कंप मचा दिया है.

यह भी पढ़ें...

कचहरी परिसर में रंजिश- चाचा-भतीजे के विवाद में चली गोली

6 अप्रैल 2026 को थाना सदर कोतवाली क्षेत्र के कचहरी परिसर में अधिवक्ता जसकरण राज और उनके भतीजे अधिवक्ता जितेंद्र राज के बीच खेत में पानी ले जाने को लेकर चल रहा पुराना विवाद हिंसक हो गया. पहले दोनों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई, लेकिन मामला तब बिगड़ गया जब जसकरण का बेटा अधिवक्ता विराट राज (शिवम राज ज्ञानी) वहां पहुंच गया. आरोप है कि विवाद के दौरान विराट राज ने 315 बोर के तमंचे से अपने चचेरे भाई जितेंद्र राज के पेट में गोली मार दी. गोली लगते ही जितेंद्र लहूलुहान होकर गिर पड़े, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गया.

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल और पुलिस का एक्शन

इस घटना के बाद कचहरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही एसपी ख्याति गर्ग और डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल मौके पर पहुंचे. जिला अधिवक्ता संघ के महामंत्री मथुरा प्रसाद अवस्थी ने इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने मांग की है कि अधिवक्ताओं और परिसर की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं. सीओ सिटी विवेक कुमार तिवारी के मुताबिक, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल जितेंद्र को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया है. फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है.

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला सगे भाइयों और उनके अधिवक्ता बेटों के बीच चल रहे संपत्ति या पानी के विवाद से जुड़ा है. पुलिस के अनुसार, जसकरण के पुत्र विराट ने राम अवतार के पुत्र जितेंद्र पर फायरिंग की थी. घटना के बाद कचहरी परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है और फरार अधिवक्ता की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है.