मंगलसूत्र लुटेरा अमित पासी गिरफ्तार, कौशांबी पुलिस से एनकाउंटर के बाद पैर में लगी गोली

Kaushambi Police Encounter: कौशांबी पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, चेन स्नैचिंग का आरोपी अमित पासी घायल. सराय अकिल और करारी में महिलाओं से लूटपाट के मामले में कार्रवाई.

यूपी तक

• 03:58 PM • 05 Apr 2026

follow google news

कौशांबी में महिलाओं के साथ लूटपाट और चेन स्नैचिंग करने वाले अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. करारी और सराय अकिल क्षेत्र में सक्रिय एक शातिर बदमाश अमित पासी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है. मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई और वह घायल हो गया.

यह भी पढ़ें...

मुखबिर की सूचना पर हुई थी घेराबंदी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मार्च महीने में हुई चेन स्नैचिंग की वारदातों में शामिल फरार आरोपी अमित पासी हजारीपुरवा मोड़ के पास मौजूद है. इस सूचना पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की. खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं. जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. मौके से एक अवैध तमंचा, बाइक और कारतूस बरामद हुए हैं.

चेन स्नैचिंग की दो वारदातों का हुआ खुलासा

गौरतलब है कि मार्च में जिले के सराय अकिल और करारी थाना क्षेत्रों में महिलाओं के साथ सरेराह मंगलसूत्र लूटने की दो बड़ी घटनाएं हुई थीं. पुलिस ने इस मामले में पहले ही एक अभियुक्त मोहम्मद सैफ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन अमित पासी तभी से फरार चल रहा था. इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने इन दोनों वारदातों का पूरी तरह खुलासा कर दिया है.

ऑपरेशन क्लीन के तहत सख्त कार्रवाई

घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. इस गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके साथ और कौन-कौन से लोग जुड़े हुए थे.