Banda Crime News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है. यहां चंद रुपयों के लालच में एक मां ने अपनी ममता का गला घोंटते हुए अपने बेटे के साथ मिलकर अपनी ही विवाहिता बेटी को हरियाणा के कुछ लोगों के हाथों बेच दिया. चित्रकूट की रहने वाली पीड़िता ने इस नर्क से निकलकर पुलिस अधीक्षक के सामने अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया है.
ADVERTISEMENT
138000 में हुआ खून के रिश्तों का सौदा
पीड़िता के अनुसार, उसे बहाने से चित्रकूट से बांदा बुलाया गया था. उसे अंदाजा भी नहीं था कि उसका अपना मायका ही उसके लिए दलदल बन जाएगा. बांदा पहुंचते ही मां और भाई ने मिलकर उसे हरियाणा से आए अनजान लोगों को 1 लाख 38 हजार रुपये में बेच दिया. इसके बाद उसे जबरन हरियाणा ले जाया गया, जहाँ उसकी मर्जी के खिलाफ एक अज्ञात व्यक्ति से उसकी शादी करा दी गई.
नर्क से निकलकर एसपी की चौखट तक पहुंची हिम्मत
तमाम जुल्मों और बंदिशों के बावजूद, पीड़िता ने हार नहीं मानी. उसने किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागकर बांदा के पुलिस अधीक्षक (SP) पलाश बंसल से मुलाकात की. पीड़िता के आंसुओं और उसकी आपबीती को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल एएचडीयू (AHTU) थाना को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए.
भाई समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, मानव तस्करी नेटवर्क का शक
पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं, हरियाणा के दो अन्य आरोपियों को भी पहले ही दबोचकर सलाखों के पीछे पहुँचाया जा चुका है. एसपी पलाश बंसल ने बताया कि यह मामला एक संगठित मानव तस्करी (Human Trafficking) नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है. पुलिस इस गिरोह की जड़ तक पहुँचने की कोशिश कर रही है ताकि अन्य संलिप्त आरोपियों को भी पकड़ा जा सके.
रिश्तों के टूटने की दर्दनाक दास्तां
यह घटना कानून से ज्यादा समाज और रिश्तों पर सवाल खड़े करती है. जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं और मां-भाई ही बेटी की आजादी को गिरवी रख दें, तो भरोसे की बुनियाद ही हिल जाती है. फिलहाल, पीड़िता की बहादुरी और पुलिस की सक्रियता से एक बड़ा अपराध उजागर हुआ है.
ADVERTISEMENT









