Mantasha Murder Case: उत्तर प्रदेश के उन्नाव की 24 साल की नेशनल बॉक्सिंग खिलाड़ी मंतसा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार में कोहराम मचा है. मंतसा गोल्ड मेडलिस्ट थीं और स्टेट से लेकर नेशनल स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखा चुकी थीं. परिवार के मुताबिक, 5 नवंबर को वह अपनी भतीजी की शादी का सामान खरीदने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं. बाद में उनका शव कानपुर-प्रयागराज हाईवे किनारे कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में मिला. परिवार ने मंतसा के प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT
शादी का सामान खरीदने निकली थीं मंतसा
मंतसा उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के इखलाक नगर की रहने वाली थीं. परिवार के मुताबिक, 5 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 से 12:45 बजे के बीच वह घर से निकली थीं. उन्होंने अपनी मां संजना को बताया था कि घर में भतीजी की शादी है और वह लाल बंगला से शादी का सामान खरीदने जा रही हैं. परिजनों को लगा कि वह कुछ देर में लौट आएंगी, लेकिन शाम तक उनका कोई पता नहीं चला. परिवार ने फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला. इसके बाद 6 नवंबर को गंगाघाट थाने और चौकी में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई. इसी बीच कानपुर-प्रयागराज हाईवे किनारे कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक युवती का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली. सोशल मीडिया पर शव का वीडियो सामने आने के बाद परिवार को इसकी जानकारी हुई. बाद में थाने पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान मंतसा के रूप में की. यह जगह उनके घर से करीब 40-50 किलोमीटर दूर बताई जा रही है.
मां बोलीं- मेरी बेटी का मर्डर हुआ
मंतसा की मां संजना का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है. उन्होंने बताया कि शव के चेहरे और मुंह पर चोट के निशान थे. मां के मुताबिक मंतसा के पास उसका मोबाइल फोन नहीं मिला. वह जिन कपड़ों में घर से निकली थीं, उनमें से स्कफ और ऊपर पहनी सदरी भी गायब थी. परिवार को ये सामान घटनास्थल से दूर जंगल की तरफ मिला. मां ने कहा, 'जी सर, मेरी बेटी का मर्डर हुआ है. साफ-साफ मर्डर है, क्योंकि मेरी बेटी घर से निकली थी बोलकर कि हम लाल बंगले तक जा रहे हैं.' उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और जिम्मेदार लोगों को सामने लाने की मांग की. परिवार ने मंतसा के प्रेमी पर भी हत्या का आरोप लगाया है. हालांकि, वारदात के पीछे की असली वजह और इसमें किसकी भूमिका है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.
यह भी पढ़ें- 'सरकार आने दो, देख लेंगे कहने वालों को तुरंत पार्टी से निकालो...' 2027 चुनाव पहले शिवपाल यादव की सपा कार्यकर्ताओं को सख्त चेतावनी!
गोल्ड मेडल जीत चुकी थीं मंतसा
मंतसा बॉक्सिंग में गोल्ड मेडल जीत चुकी थीं और स्टेट से लेकर नेशनल स्तर तक खेल चुकी थीं. परिवार के मुताबिक वह खेल की दुनिया में आगे बढ़ना चाहती थीं और अपने लिए बड़े सपने देख रही थीं. हालांकि, कोरोना महामारी के कारण उनका खेल करियर प्रभावित हुआ. मां संजना ने बताया कि मंतसा परिवार की सबसे छोटी और सबकी लाडली थीं. उनकी बड़ी बहन खुशबू 27 साल की और छोटा भाई दीपक 25 साल का है. बेटी की मौत से परिवार गहरे सदमे में है. जिस घर में भतीजी की शादी की तैयारियां होनी थीं, वहां अब मातम पसरा है.
कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
उन्नाव पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस मंतसा की कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि घर से निकलने के बाद वह कहां गई थीं और आखिरी बार किससे बात की थी. इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि उनका शव हाईवे किनारे किन परिस्थितियों में पहुंचा. परिवार की ओर से प्रेमी पर लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही है. परिवार की मांग है कि मंतसा की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को जल्द सामने लाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
ADVERTISEMENT










