ये 'करीना किन्नर' की चोटी किसने काट ली? बागपत के थाने में भिड़े किन्नरों के 2 गुट

Baghpat Kinnar Group Fight: बागपत के बड़ौत में बधाई के क्षेत्र को लेकर किन्नरों के दो गुट आपस में भिड़ गए. करीना किन्नर के बाल काटने और मारपीट का आरोप. थाने में घंटों चला ड्रामा, देखिए पूरी रिपोर्ट.

यूपी तक

• 03:51 PM • 17 Feb 2026

follow google news

बागपत के बड़ौत में किन्नर समाज के दो गुटों के बीच इलाके में बधाई मांगने को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है. इस विवाद में करीना किन्नर के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उनकी चोटी भी काट दी गई. बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में अजगर ग्रुप और बिट्टू पक्ष के बीच लंबे समय से बधाई मांगने के क्षेत्र को लेकर वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी. 

यह भी पढ़ें...

आरोप है कि जब बिट्टू किन्नर पक्ष के लोग एक गांव में बधाई मांगने पहुंचे, तो अजगर ग्रुप के सदस्यों ने उन्हें रोक लिया और करीना किन्नर को "बाहरी" बताते हुए हमला कर दिया. करीना किन्नर का आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई और उनकी चोटी व बाल काट दिए गए, जिसे किन्नर समाज में सम्मान और पहचान का प्रतीक माना जाता है. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके गले पर चाकू (चप्पू) रखकर जान से मारने की धमकी दी.

घटना के बाद दोनों गुट बड़ौत कोतवाली पहुंचे, जहां घंटों तक नारेबाजी और तीखी बहस हुई. माहौल इतना बिगड़ गया कि पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा.  शिकायतकर्ता बिट्टू किन्नर का दावा है कि दूसरे पक्ष ने पहले से ही हथियारों और कट्टों के साथ घेराबंदी कर रखी थी और उनके चेलों पर जानलेवा हमला किया गया. पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर ले ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है. आधिकारिक बयान के अनुसार, जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.