आंखों में मिर्च डाली, फिर सिर पर किए कई वार..., महराजगंज में संपत्ति के लिए टीचर बहू ने ससुर को मार डाला, 4 घंटे में खुला पूरा राज!

अमितेश त्रिपाठी

• 09:53 AM • 01 Aug 2026

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में संपत्ति विवाद को लेकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. फरेंदा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में एक शिक्षिका बहू पर अपने ससुर की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है.

Maharajganj Murder Case

Maharajganj Murder Case

Google CTA

Maharajganj Murder Case: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में संपत्ति विवाद को लेकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. फरेंदा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में एक शिक्षिका बहू पर अपने ससुर की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी बहू ने ससुर को बंटवारे की बातचीत के बहाने अपने घर बुलाया. यहां पहले उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाला गया और इसके बाद फावड़े के लकड़ी वाले डंडे से सिर पर कई वार कर उनकी हत्या कर दी गई. हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने और सबूत मिटाने की भी कोशिश की गई. पुलिस ने घटना के करीब चार घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी बहू समेत चार लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया है.

यह भी पढ़ें...

दोनों बेटों में बराबर संपत्ति बांटना चाहते थे ससुर

मृतक की पहचान सच्चाराम गुप्ता के रूप में हुई है. पुलिस जांच में सामने आया कि सच्चाराम गुप्ता के दो बेटे हैं. आरोप है कि उनकी बड़ी बहू शोभा गुप्ता काफी समय से ससुर पर संपत्ति उसके नाम करने का दबाव बना रही थी. वहीं, सच्चाराम गुप्ता दोनों बेटों को संपत्ति में बराबर हिस्सा देने की बात कहते थे. इसी मुद्दे को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था. मामला इतना बढ़ गया था कि विवाद दीवानी अदालत तक पहुंच चुका था. पुलिस के अनुसार, संपत्ति के इसी विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है.

बंटवारे की बात कहकर ससुर को घर बुलाया

पुलिस की जांच के मुताबिक, शोभा गुप्ता ने कथित तौर पर सच्चाराम गुप्ता को संपत्ति के बंटवारे को लेकर बातचीत करने के बहाने अपने घर बुलाया था. पुलिस का कहना है कि घर में पहले से रमेश गुप्ता और कथित झोलाछाप डॉक्टर धनई यादव मौजूद थे. आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर शोभा गुप्ता ने सच्चाराम की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया. तेज जलन के कारण वह जमीन पर गिर गए. इसके बाद आरोप है कि रमेश गुप्ता और धनई यादव ने उन्हें पकड़ लिया और शोभा ने फावड़े के लकड़ी वाले डंडे से उनके सिर पर लगातार कई वार किए. गंभीर चोट लगने से सच्चाराम की मौके पर ही मौत हो गई.

हत्या के बाद शव को खाली प्लॉट में फेंका

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपियों ने हत्या को छिपाने की कोशिश की. आरोप है कि धनई यादव ने सच्चाराम को मृत घोषित किया और इसके बाद सभी आरोपी रात होने का इंतजार करने लगे. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बाद में श्रीकांत चौहान को तौर पर वहां बुलाया गया. आरोप है कि शव का चेहरा कपड़े से बांधने के बाद उसे घसीटकर घर के बाहर स्थित एक खाली प्लॉट में फेंक दिया गया. पुलिस का कहना है कि ऐसा हत्या के सबूत मिटाने और वारदात का शक किसी अन्य व्यक्ति पर जाने देने के इरादे से किया गया.

चार घंटे में पुलिस ने सुलझाया हत्याकांड

घटना की जानकारी मिलने के बाद फरेंदा थाना पुलिस ने जांच शुरू की. महराजगंज के एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने मामले को लेकर कहा, 'पुलिस ने चार घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया है और मुख्य आरोपी बहू समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है.' पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में हत्या के पीछे संपत्ति विवाद की बात सामने आई है. जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल फावड़े का लकड़ी वाला डंडा और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं.

बहू समेत चार आरोपी गिरफ्तार

एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के अनुसार, मामले में मुख्य आरोपी शोभा गुप्ता समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश में शामिल सभी लोगों की भूमिका क्या थी. शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद को ही वारदात की वजह बताया गया है.