Sambhal News: संभल में पिछले साल 24 नवंबर को जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर हुई हिंसा के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इस बवाल के मास्टरमाइंड और कुख्यात ऑटो लिफ्टर शारिक साठा के खास गुर्गे गुलाम को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में गुलाम ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि सुप्रीम कोर्ट के वकील विष्णु शंकर जैन की संभल में हत्या की साजिश रची गई थी.
ADVERTISEMENT
गुलाम के अनुसार, यह साजिश शारिक साठा ने रची थी और हत्या की जिम्मेदारी उसे सौंपी गई थी. विष्णु शंकर जैन और उनके पिता हरि शंकर जैन कई महत्वपूर्ण हिंदू पक्ष के मामलों की पैरवी करते रहे हैं. उन्होंने राम जन्मभूमि, ज्ञानवापी, श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह, भोजशाला, अजमेर दरगाह, और अटाला मस्जिद जैसे मामलों में हिंदू पक्ष का प्रतिनिधित्व किया है. पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है और इस षड्यंत्र से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है. गुलाम की गिरफ्तारी के बाद इस साजिश के मास्टरमाइंड शारिक साटा पर भी शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है.
दुबई में बैठा मास्टरमाइंड शारिक साठा
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद गुलाम संभल के रहने वाले दुबई स्थित गैंगस्टर शारिक साठा के लिए काम करता था. पुलिस के मुताबिक, शारिक साठा का संबंध 'D कंपनी' से भी बताया जा रहा है. एसपी बिश्नोई के अनुसार, उसे संभल के सांसद जियाउर्रहमान बर्क का भी संरक्षण प्राप्त है.
अबतक 80 उपद्रवी हुए अरेस्ट
संभल पुलिस ने अब तक 80 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है. गुलाम के पास से 9 MM की पिस्टल, 32 बोर की दो पिस्टल सहित तीन विदेशी पिस्टल बरामद की गई हैं. इसके अलावा, ब्रिटेन, जर्मनी और पाकिस्तान मेड गोलियां भी जब्त की गई हैं. इससे पहले भी पुलिस को हिंसा स्थल से पाकिस्तान और अमेरिका निर्मित कारतूस मिले थे.
ADVERTISEMENT









