मुजफ्फरनगर : कॉलेज की छात्रा को जबरन रिक्शे से खींचकर कार में किडनैप कर रहे थे बदमाश, फिर हुआ ये

संदीप सैनी

• 03:09 PM • 10 Sep 2024

Muzaffarnagar News :  मुजफ्फरनगर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े कार सवार बदमाशों ने बीएससी फर्स्ट ईयर की एक छात्रा को किडनैप करने की कोशिश की.

Muzaffarnagar News

Muzaffarnagar News

Google CTA

Muzaffarnagar News :  मुजफ्फरनगर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े कार सवार बदमाशों ने बीएससी फर्स्ट ईयर की एक छात्रा को किडनैप करने की कोशिश की. यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आर्य समाज रोड पर घटी. छात्रा अपने घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी, तभी कुछ युवक उसे जबरन अपनी कार में खींचने लगे. छात्रा ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे आस-पड़ोस के लोग जुट गए और एक युवक को पकड़ लिया. तीन अन्य आरोपी मौके से भागने में कामयाब हो गए. गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम साहिब त्यागी है, जबकि अन्य आरोपी असद, अजीम, और फैसल फरार हैं.

यह भी पढ़ें...

छात्रा को रिक्शे से खींचकर कार में किडनैप कर रहे थे बदमाश

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने साहिब त्यागी को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. इस दौरान साहिब त्यागी को हिरासत में लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पीड़ित छात्रा और आरोपी दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं. पीड़ित छात्रा के परिजनों ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 76, 78, 87, 63 और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. 

वहीं इस घटना को लेकर सीओ सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि, 'अमजद अली कॉलेज के पास छात्रा को कुछ लड़कों ने जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की. मौके पर पहुंची पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन अन्य आरोपी फरार हो गए हैं और उनकी तलाश की जा रही है. पीड़ित छात्रा के एक रिश्तेदार ने बताया कि, वह बस अड्डे से रिक्शा में कॉलेज जा रही थी, तभी कुछ युवक उसे जबरन अपनी कार में खींचने लगे. आस-पास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर छात्रा को बचा लिया और एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.