GF को टीचर के साथ पिज्जा खाते देख हुआ था शक, फिर BF ने मटन काटने वाला चाकू से कर दिया ओमप्रकाश यादव का मर्डर

नितिन उपाध्याय

• 12:58 PM • 14 Nov 2026

आगरा में एक पिज्जा और शक ने 58 साल के कोचिंग संचालक की जान ले ली. हत्या के बाद आरोपी ने बोर्ड पर 'रेपिस्ट' लिखकर पुलिस को भटकाने की कोशिश की. चार दिन तक बेसमेंट में शव छिपा रहा, फिर खुला खौफनाक राज.

Agra Crime News

Agra Crime News

Google CTA

उत्तर प्रदेश के आगरा से एक खौफनाक मामला सामने आया है जिसने पुलिस और आम जनता दोनों को हिलाकर रख दिया है. एक पिज्जा, एक शक और उसके बाद खून से लिखी गई खूनी कहानी के तहत 58 साल के कोचिंग संचालक ओमप्रकाश यादव की बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोपी ने न सिर्फ टीचर को मौत के घाट उतारा बल्कि पुलिस को गुमराह करने के लिए कोचिंग के बोर्ड पर मार्कर से 'ओपी यादव रेपिस्ट' भी लिख दिया. चार दिन तक बेसमेंट में शव पड़ा रहा और फिर आगरा पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी निखिल को गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा मामला? 

यह पूरी वारदात आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के सेक्टर-3 स्थित बीएस प्लाजा की है. यहां 58 साल के ओमप्रकाश यादव अपनी कोचिंग चलाते थे. मूलरूप से कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र के कठिका गांव के रहने वाले ओमप्रकाश पिछले करीब 30 साल से आगरा में रह रहे थे. वह सेक्टर-7 के शिवालिक कैंब्रिज स्कूल में शिक्षक थे और साथ ही कोचिंग भी चलाते थे.

बीती 2 नवंबर को ओमप्रकाश रोज की तरह कोचिंग पढ़ाने गए थे. लेकिन देर रात तक जब वे घर नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई. किसी को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि कोचिंग के भीतर उनके साथ एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया जा चुका है, जिसकी जानकारी पूरे चार दिन बाद सामने आई.

ऐसे हुआ मामले का खुलासा

घटना के चार दिन बाद यानी 6 नवंबर को कोचिंग सेंटर से तेज दुर्गंध उठने लगी. आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने जब बीएस प्लाजा स्थित कोचिंग का दरवाजा खोला तो अंदर ओमप्रकाश का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि उनके शरीर पर चोट के कुल 9 निशान थे जिनमें से 7 वार धारदार हथियार से किए गए थे और उनका गला भी रेता गया था.

मौके पर पुलिस को एक बेहद चौंकाने वाला सुराग मिला. कोचिंग के बोर्ड पर मार्कर से बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा था 'ओपी यादव रेपिस्ट.' आरोपी ने यह सब इसलिए लिखा था ताकि हत्या की मुख्य वजह को भटकाकर इसे दूसरी दिशा में मोड़ा जा सके.

गर्लफ्रेंड को पिज्जा खाते देखना बना हत्या की वजह

पुलिस ने जब इस ब्लाइंड मर्डर की तफ्तीश शुरू की तो सबसे पहले मृतक ओमप्रकाश का गायब हुआ मोबाइल फोन और स्कूटी को सर्विलांस पर लिया गया. कॉल डिटेल खंगालने पर एक नंबर से लगातार बातचीत के सुराग मिले. यह नंबर उनकी कोचिंग में करीब दो साल पहले पढ़ चुकी 21 साल की एक पूर्व छात्रा का था.

जब पुलिस ने छात्रा से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपने बॉयफ्रेंड नखिला का नाम उगला. पूछताछ में जो राज खुला, उसने सबको चौंका दिया. छात्रा और निखिल के बीच करीब 11 महीने से प्रेम संबंध चल रहे थे. कुछ समय पहले निखिल ने अपनी गर्लफ्रेंड को टीचर ओमप्रकाश के साथ पिज्जा खाते देख लिया था. इसके बाद से ही उसके मन में शक घर कर गया था कि टीचर उसकी गर्लफ्रेंड को ब्लैकमेल कर रहे हैं और दोनों के बीच कुछ चल रहा है. इसी बात की खुंदक उसके दिल में पल रही थी.

विवाद और मटन काटने वाले चाकू से ताबड़तोड़ वार

एडिशनल डीसीपी मनोज कुमार के अनुसार, 2 नवंबर की शाम कोचिंग खत्म होने के बाद निखिल इसी बात का जवाब मांगने और टीचर का मोबाइल चेक करने के लिए ओमप्रकाश के पास पहुंचा.

इस दौरान दोनों के बीच तीखी बहस और विवाद हो गया. आरोप है कि ओमप्रकाश ने निखिल के साथ बदसलूकी और मारपीट कर दी. इस बात से आग बबूला होकर निखिल ने वहां रखे मटन काटने वाले चाकू से ओमप्रकाश पर ताबड़तोड़ वार कर दिए और गला रेतकर उनकी हत्या कर दी. हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी टीचर की स्कूटी और मोबाइल लेकर फरार हो गया. वह वारदात के बाद अपनी गर्लफ्रेंड से भी मिला लेकिन उसे हत्या के बारे में कुछ नहीं बताया. शुरुआती जांच में पुलिस ने छात्रा को भी संदेह के दायरे में लिया था. लेकिन बाद में उसकी कोई संलिप्तता नहीं पाई गई.

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी, हथियार और स्कूटी बरामद

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी निखिल 11वीं तक पढ़ा है और अपने पिता की जूते की दुकान पर काम करता है. वारदात के बाद वह आगरा में ही अलग-अलग ठिकानों पर छिपता फिर रहा था. सीसीटीवी फुटेज में चेहरा साफ न होने के कारण शुरुआती सुराग हाथ नहीं लगे. लेकिन सर्विलांस और मैनुअल इनपुट के आधार पर पुलिस आखिरकार उस तक पहुंच ही गई.

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, मृतक की स्कूटी, हेलमेट और आरोपी की खून से सनी शर्ट बरामद कर ली है.  पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. एक तरफ जहां शक और सनक ने एक शिक्षक की जान ले ली. वहीं आरोपी की शातिराना साजिश भी पुलिस की मुस्तैदी के आगे नाकाम हो गई. आगरा पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का सफल खुलासा कर दिया है.
 

ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने के विरोध में उतरे संत तो पवन पांडे बन गए सपा प्रमुख के लिए सबसे बड़े ढाल