ओवैसी और चंद्रशेखर के नए गठबंधन पर रामगोपाल यादव का बड़ा तंज, बोले- 0 + 0 = 0 होता है

सुषमा पांडेय

• 04:28 PM • 14 Nov 2026

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के नए गठबंधन ने यूपी की सियासत में हलचल बढ़ा दी है. इस बीच रामगोपाल यादव ने '0+0=0' का तंज कसकर मोर्चे की चुनावी ताकत पर सवाल उठा दिए. आखिर सपा को किस बात की चिंता है?

Ram Gopal Yadav comment on Owaisi and Chandrashekhar Azad

Ram Gopal Yadav comment on Owaisi and Chandrashekhar Azad

Google CTA

उत्तर प्रदेश की सियासत में गठबंधन की सुगबुगाहट और बयानबाजी इन दिनों अपने चरम पर है. असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के बीच हुए नए सियासी गठबंधन के बाद से सूबे का राजनीतिक पारा और चढ़ गया है. इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और अखिलेश यादव के चाचा प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने इस नए मोर्चे के गणित पर ऐसा तंज कसा है जिसकी चर्चा पूरे राजनीतिक गलियारे में हो रही है. रामगोपाल यादव ने ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन को सीधे तौर पर नकारते हुए तंज कसा कि "0 + 0 = 0" होता है और इन्हें चुनाव में कुछ हासिल नहीं होने वाला है.

यह भी पढ़ें...

ओवैसी और चंद्रशेखर का 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' और 403 सीटों पर ताल ठोकने का ऐलान

गुरुवार को AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने औपचारिक रूप से अपने नए गठबंधन का ऐलान किया है जिसे 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम दिया गया है. इस मोर्चे के तहत यह दावा किया जा रहा है कि वे उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेंगे. खास बात यह है कि ओवैसी ने इस गठबंधन में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है.

इस नए मोर्चे के सामने आने के बाद जहां एक तरफ दलित-मुस्लिम समीकरणों और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं. वहीं समाजवादी पार्टी की तरफ से इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं. अखिलेश यादव ने इस गठबंधन का स्वागत तो किया.लेकिन तंज कसते हुए इसे बीजेपी की कठपुतली करार दिया और यहां तक कह दिया कि इससे बीजेपी को ही नुकसान होगा और इन दलों की जमानत जब्त हो जाएगी.

सपा पर कमेंट करने वालों को मिलेगा जीरो-रामगोपाल यादव

इटावा के केदारेश्वर मंदिर में दर्शन करने पहुंचे प्रोफेसर रामगोपाल यादव से जब ओवैसी और चंद्रशेखर के इस नए गठबंधन और उनके बयानों को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बहुत ही बेबाकी से जवाब दिया.रामगोपाल यादव ने तंज कसते हुए कहा 'कमेंट करते हैं तो करने दीजिए कुछ नहीं... 0 + 0 = 0 किया जा रहा है.'

उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी पर इस तरह के गठबंधनों या बयानों का कोई असर नहीं पड़ने वाला है. इस दौरान वे इटावा के उस केदारेश्वर मंदिर में थे जिसका निर्माण खुद अखिलेश यादव करवा रहे हैं.भगवान शिव के दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि देवाधिदेव महादेव की कृपा रही तो जनता की सारी परेशानियां और राजनीतिक तिकड़मियां खत्म हो जाएंगी.

2027 के चुनाव से पहले क्या बदलेगी यूपी की सियासत?

एक तरफ ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का यह नया मोर्चा दलित और मुस्लिम मतदाताओं को अपने पाले में खींचने की रणनीति पर काम कर रहा है. वहीं समाजवादी पार्टी अपने 'PDA' फॉर्मूले के जरिए चुनावी जमीन मजबूत करने में जुटी है. ओवैसी लगातार सपा और अखिलेश यादव पर मुस्लिम प्रतिनिधित्व के मुद्दे को लेकर हमलावर रहे हैं. जबकि सपा का मानना है कि इस तरह के छोटे मोर्चों के आने से विपक्षी वोटों का बिखराव हो सकता है जिसका सीधा असर आने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों पर पड़ेगा. बहरहाल रामगोपाल यादव के '0 + 0 = 0' वाले बयान ने यह साफ कर दिया है कि सपा इस नए गठबंधन को चुनावी मैदान में कोई बड़ी चुनौती नहीं मान रही है.

ये भी पढ़ें: GF को टीचर के साथ पिज्जा खाते देख हुआ था शक, फिर BF ने मटन काटने वाला चाकू से कर दिया ओमप्रकाश यादव का मर्डर