मनदीप ने 12वीं की छात्रा के खींचे प्राइवेट फोटो और सोशल मीडिया पर डाले, फिर सिरफिरे ने उसे आधी रात में मार दी गोली

Basti Crime News: यूपी के बस्ती में बोर्ड परीक्षा दे रही छात्रा की गोली मारकर हत्या. रेप का आरोपी मंदीप फरार होने के बाद लौटा और वारदात को अंजाम दिया. पुलिस तलाश में जुटी.

Basti Crime News

संतोष सिंह

03 Mar 2026 (अपडेटेड: 03 Mar 2026, 03:57 PM)

follow google news

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के बैडारी एहतमाली गांव में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात घटी. अपनी बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही 12वीं की एक छात्रा की गांव के ही एक युवक ने गोली मारकर हत्या कर दी. आरोपी युवक पहले भी किशोरी के साथ रेप और ब्लैकमेलिंग के मामले में वांछित था.

यह भी पढ़ें...

बरामदे में सो रही छात्रा पर दागीं गई थीं गोलियां

घटना सोमवार रात करीब एक बजे की है. 12वीं की छात्रा अपने घर के बरामदे में सो रही थी. आरोप है कि इसी दौरान गांव का निवासी मंदीप असलहा लेकर वहां पहुंचा और सोती हुई किशोरी के सिर और सीने में गोली मार दी. गोली की आवाज सुनकर जब परिवार के सदस्य और पास सो रहा भाई जागे, तो आरोपी ने उन पर भी असलहा तान दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी ने मृतका की मां पर भी फायर किया, लेकिन वे बाल-बाल बच गईं. परिजनों के शोर मचाने और ग्रामीणों के जुटने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस ने घायल किशोरी को तुरंत बनहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

क्या है विवाद की जड़?

मृतका के परिजनों के अनुसार, आरोपी मंदीप ने पहले किशोरी से दोस्ती की और बाद में कुछ निजी तस्वीरें व वीडियो बना लिए. इन तस्वीरों के आधार पर वह ब्लैकमेल करने लगा. 18 दिसंबर 2025 को आरोपी ने उन निजी तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. इसके बाद पीड़ित परिवार ने थाने में आईटी एक्ट और रेप की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था. केस दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था. 

बोर्ड परीक्षा के बीच उजड़ गए सपने

मृतक छात्रा पढ़ाई में मेधावी थी और इन दिनों अपनी बोर्ड परीक्षाएं दे रही थी. जिस बरामदे में उसकी हत्या हुई, वहां उसकी किताबें अब भी खुली पड़ी थीं. परिवार को उम्मीद थी कि वह अच्छे अंकों से पास होकर आगे बढ़ेगी लेकिन इस वारदात ने एक उभरते जीवन का अंत कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक श्यामाकांत, क्षेत्राधिकारी और दो थानों की फोर्स मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि पुराना आरोपी होने के बावजूद वह दोबारा गांव में कैसे दाखिल हुआ और उस पर निगरानी क्यों नहीं रखी गई.