Hathras Murder Case: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद में रविवार सुबह एक दंपति की हत्या से सनसनी फैल गई. बाईपास मार्ग स्थित मकान में रहने वाले 58 साल के पूर्व फौजी शमशुद्दीन और उनकी पत्नी सद्दो बेगम के शव घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिले. शुरुआती जानकारी में दोनों की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
ADVERTISEMENT
पड़ोसियों को हुई अनहोनी की आशंका
जानकारी के मुताबिक शमशुद्दीन अपनी पत्नी के साथ सादाबाद बाईपास मार्ग पर स्थित एक मकान में रहते थे. रविवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे तक उनके घर का मुख्य दरवाजा नहीं खुला. इसके बाद आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई. पड़ोसियों ने परिजनों की मदद से किसी तरह घर का दरवाजा खुलवाया. अंदर का नजारा देखकर वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए. शमशुद्दीन और उनकी पत्नी सद्दो बेगम के शव खून से सने हुए पड़े थे.
पुलिस ने सील किया क्राइम सीन
दंपति की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए क्राइम सीन सील कर दिया. इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां से जरूरी साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास रहने वाले लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस मामले में आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि वारदात से जुड़े सुराग मिल सकें. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 9 बजे पता चला है कि एक दंपति मृत पाए गए हैं. प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि उनकी चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है. जांच के बाद घटना का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस हत्या के कारण और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है.
ADVERTISEMENT











