Shahjahanpur News: शाहजहांपुर की बालाजी नगर कॉलोनी में बुधवार सुबह करीब 6 बजे सन्नाटा तब चीखों में बदल गया जब एक शख्स ने अपनी पूर्व पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात के बाद मौके पर खून से सना खौफनाक मंजर देखने को मिला. जहां एक तरफ महिला का शव जमीन पर पड़ा था तो वहीं दूसरी ओर उसका प्रेमी लहूलुहान हालत में पास बैठकर रो रहा था.
ADVERTISEMENT
तलाक के बाद प्रेमी के साथ रह रही थी आरती
मृतका की पहचान 31 साल की आरती के रूप में हुई है. आरती की शादी पहले आरसी मिशन थाना क्षेत्र के मनमोहन पांडे से हुई थी, जिससे उसकी एक बेटी भी है. जानकारी के मुताबिक, आरती और मनमोहन के बीच कुछ समय पहले तलाक हो गया था. पिछले 4-5 महीनों से आरती अपने प्रेमी बृजदीप के साथ बालाजी नगर में किराए के मकान में रह रही थी.
चेहरे पर फेंका रंग और फिर निकाल लिया चाकू
घायल प्रेमी बृजदीप ने बताया, "सुबह 6:00 बजे अचानक गेट खटका. जैसे ही गेट खोला, सामने नकाब लगाए एक शख्स खड़ा था. उसने मेरे चेहरे पर रंग फेंका जिससे मैं बाहर की तरफ भागा. आरती मुझे बचाने के लिए पीछे आई, तो उसने आरती को पकड़ लिया और लंबे चाकू से उसका गला काट दिया." बृजदीप ने बताया कि आरती और मनमोहन का तलाक हो चुका था और वे दोनों कुछ ही दिनों में शादी करने वाले थे.
मौके पर मिला भयानक नजारा
होली खेलने घरों से बाहर निकले लोगों ने जब सड़क पर आरती का शव और पास में घायल बृजदीप को रोते देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी. कुछ ही दूरी पर आरोपी पति मनमोहन पांडे भी घायल अवस्था में पड़ा मिला. पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां आरती को मृत घोषित कर दिया गया. फिलहाल दोनों घायलों (पति और प्रेमी) का इलाज चल रहा है. वहीं, पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें: नौकरानी से शादी के बाद भाई बना दुश्मन! मसारिक ने तारिक को मार डाला, घर में गाड़कर ऊपर बिछा दीं टाइल्स
ADVERTISEMENT









