कौन हैं टीवी की ग्लैमरस एक्ट्रेस शिव्या पठानिया? जिन्हें 34 की उम्र में पवन सिंह के साथ मिला बड़ा ब्रेक

यूपी तक

• 07:28 PM • 16 Jul 2026

Who is Shivya Pathania: भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की नई फिल्म में टीवी अभिनेत्री शिव्या पठानिया लीड रोल निभाएंगी. शिव्या ने पवन सिंह की प्रोफेशनलिज्म, सादगी और फैंस की दीवानगी पर खुलकर बात की. दोनों की नई जोड़ी को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है.

Shivya Pathania and Pawan Singh

Shivya Pathania and Pawan Singh

Google CTA

भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह का जलवा देश भर में कायम है. भोजपुरी इंडस्ट्री की तमाम हसीनाएं उनके साथ स्क्रीन शेयर करने की ख्वाहिश रखती हैं. अब यह बड़ा और सुनहरा मौका टीवी की मशहूर और खूबसूरत एक्ट्रेस शिव्या पठानिया को मिल गया है. छोटे पर्दे पर 'सीता' और 'राधा' के किरदारों से घर-घर में पहचान बनाने वाली 34 साल की शिव्या पठानिया जल्द ही पवन सिंह की हीरोइन बनकर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. पवन सिंह के साथ कास्ट किए जाने के बाद से शिव्या के कदम सातवें आसमान पर हैं और वह इस बड़े ब्रेक को लेकर बेहद उत्साहित हैं.

यह भी पढ़ें...

कई बड़ी अभिनेत्रियों को पछाड़कर शिव्या को मिला यह बड़ा रोल

शिव्या पठानिया ने पवन सिंह के साथ काम करने के अनुभव को लेकर 'टाइम्स ऑफ इंडिया'से खुलकर बात की. शिव्या ने बताया कि जब उन्हें इस प्रोजेक्ट और पवन सिंह के लीड रोल में होने की जानकारी मिली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. उन्होंने खुलासा किया कि इस रोल की रेस में इंडस्ट्री की कई बड़ी-बड़ी अभिनेत्रियां शामिल थीं. इसलिए उन्हें बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि इस रोल के लिए उनका सिलेक्शन हो जाएगा.

शूटिंग के पहले दिन घबराई थीं शिव्या

शिव्या ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के पहले दिन वह अंदर से थोड़ी नर्वस और घबराई हुई थीं.लेकिन जैसे ही उनकी मुलाकात पवन सिंह से हुई सब कुछ बदल गया. एक्ट्रेस के मुताबिक 'पवन सिंह जी ने मुझसे बहुत ही आराम से बात की, मेरा हाल-चाल पूछा और मुझे यह फिल्म मिलने पर बधाई भी दी. उन्होंने शूटिंग के पहले ही दिन से मुझे कंफर्टेबल महसूस कराया. उन्होंने सेट पर कभी भी ऐसा अहसास नहीं होने दिया कि मैं इस इंडस्ट्री में नई हूं.'

पवन सिंह प्रोफेशनल और जमीन से जुड़े इंसान हैं-शिव्या

पवन सिंह से जुड़े तमाम विवादों और लोगों की राय पर बात करते हुए शिव्या ने बेबाकी से अपना पक्ष रखा. एक्ट्रेस ने कहा 'पवन सिंह और उनसे जुड़े विवादों को लेकर सोशल मीडिया या बाहर लोगों की अपनी अलग-अलग राय हो सकती है. लेकिन जहां तक मेरा निजी अनुभव है मैंने उन्हें सेट पर बहुत ही विनम्र, प्रोफेशनल और जमीन से जुड़ा हुआ इंसान पाया. वह सेट पर डायरेक्टर, को-स्टार्स और पूरी टीम का बेहद सम्मान करते हैं.'

शिव्या पठानिया ने शूटिंग के दौरान के कुछ अनुभव शेयर करते हुए बताया कि पवन सिंह के लिए दर्शकों का पागलपन किस स्तर का है.उन्होंने कहा कि शूटिंग के दौरान जहां भी पवन सिंह जाते थे उन्हें देखने के लिए फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ती थी. लोगों की इस जबरदस्त दीवानगी को अपनी आंखों से देखने के बाद ही उन्हें असलियत में समझ आया कि आखिर लोग उन्हें 'पावर स्टार' क्यों कहते हैं.

कौन हैं शिव्या

34 साल की शिव्या पठानिया टीवी इंडस्ट्री का एक बड़ा चेहरा हैं. उन्हें मुख्य रूप से पौराणिक सीरियल्स में उनके बेहतरीन अभिनय के लिए जाना जाता है.

राधा कृष्ण शो में उन्होंने 'राधा' का किरदार निभाया. राम सिया के लव कुश में वह 'माता सीता' की भूमिका में नजर आईं. लक्ष्मी नारायण शो में उन्होंने 'लक्ष्मी मां' का रोल प्ले किया.

एक बेहद खास उपलब्धि का जिक्र करते हुए शिव्या ने बताया कि वह अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने भी स्टेज पर माता सीता का जीवंत किरदार निभाते हुए प्ले परफॉर्म कर चुकी हैं. छोटे पर्दे पर भले ही वह संस्कारी और पारंपरिक किरदारों में दिखती हों. लेकिन रियल लाइफ में शिव्या काफी ग्लैमरस और स्टाइलिश हैं.

फैंस को है नई जोड़ी का इंतजार

टीवी पर अपनी अदाकारी का लोहा मनवाने के बाद अब शिव्या पठानिया भोजपुरी स्क्रीन पर पवन सिंह के साथ रोमांस करती नजर आएंगी. पावर स्टार के साथ शिव्या की यह नई और फ्रेश जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखाएगी यह तो फिल्म रिलीज होने के बाद ही साफ होगा. लेकिन फिलहाल इस घोषणा के बाद से ही दोनों के फैंस इस जोड़ी को एक साथ सिल्वर स्क्रीन पर देखने के लिए बेहद उत्सुक हैं.