बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने कलाकार और कला की मर्यादा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक शादी समारोह के दौरान स्टेज शो कर रहे भोजपुरी गायक धनंजय शर्मा ने डांस कर रही एक महिला कलाकार को अचानक गोद में उठाया और मंच से नीचे भीड़ की ओर फेंक दिया. यह नजारा देखकर वहां मौजूद लोग दंग रह गए. हालांकि नीचे खड़े लोगों ने महिला को संभालने की कोशिश की. लेकिन इस घटना ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है कि क्या मनोरंजन के नाम पर किसी कलाकार की सुरक्षा और सम्मान से खिलवाड़ किया जा सकता है?
ADVERTISEMENT
जश्न के बीच अचानक हुई खौफनाक हरकत
यह घटना 11 मार्च की रात मुजफ्फरपुर के मौना गांव की बताई जा रही है. शादी के उपलक्ष्य में आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे थे. भोजपुरी धुनों पर नाच-गाना चल रहा था और दर्शक कलाकारों का उत्साह बढ़ा रहे थे. वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक महिला डांसर स्टेज पर नाच रही है तभी गायक धनंजय शर्मा उसके पास आते हैं और उसे उठाकर सीधे मंच के नीचे दर्शकों की ओर फेंक देते हैं.
मोबाइल कैमरों में कैद हुई बदसलूकी
मंच के सामने खड़े कई लोग मोबाइल से वीडियो बना रहे थे जिसमें यह पूरी घटना कैद हो गई. जैसे ही महिला नीचे गिरी वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. वीडियो वायरल होने के बाद नेटिजन्स गायक के इस व्यवहार की कड़ी निंदा कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि अगर महिला को सिर या रीढ़ में गंभीर चोट आ जाती तो इसका जिम्मेदार कौन होता? कई यूजर्स इसे किसी महिला कलाकार का अपमान बता रहे हैं.
'मजाक था, मंशा गलत नहीं थी'
चौतरफा घिरने के बाद भोजपुरी गायक धनंजय शर्मा ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने एक वीडियो बयान जारी कर सफाई दी कि यह कोई बदसलूकी नहीं बल्कि कलाकारों के बीच का एक मजाक था. धनंजय के अनुसार, स्टेज पर माहौल काफी हल्का-फुल्का था और उन्होंने किसी को चोट पहुंचाने की मंशा से ऐसा नहीं किया. उन्होंने आरोप लगाया कि इस वीडियो को गलत तरीके से पेश कर उनकी छवि खराब की जा रही है.
मनोरंजन या जानलेवा स्टंट?
हालांकि कुछ लोग इसे स्टेज शो का हिस्सा मान रहे हैं. लेकिन मंचीय मर्यादा के जानकार इसे बेहद खतरनाक बता रहे हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि भीड़ की ओर किसी को फेंकना न केवल सुरक्षा के लिहाज से गलत है बल्कि यह एक महिला कलाकार की गरिमा के भी खिलाफ है.
ADVERTISEMENT









