प्रयागराज में कोचिंग सेंटर सील होने के बाद कैमरे पर रो पड़े विवेक सर, अब इसपर अखिलेश यादव ने क्या कहा?

Prayagraj News: प्रयागराज में कोचिंग टीचर विवेक कुमार का भावुक वीडियो वायरल होने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. वीडियो में वे अपनी परेशानियां बताते हुए रोते नजर आए.

यूपी तक

• 03:23 PM • 03 Jun 2026

follow google news

Prayagraj News: प्रयागराज के एग्जामपुर स्थित कोचिंग टीचर विवेक कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है. इस वीडियो में वे पहले क्लास लेते हुए दिखाई देते हैं और बाद में अपनी परेशानियों का जिक्र करते हुए कैमरे के सामने भावुक होकर रो पड़ते हैं. वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर चर्चा का बड़ा विषय बन गया है.

यह भी पढ़ें...

प्रयागराज विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई

इस पूरे मामले के बीच प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने सख्त कदम उठाते हुए तीन कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया है. इनमें एग्जामपुर कोचिंग सेंटर (विवेक कुमार), क्लाइमेक्स एकेडमी (मारूफ सर) और टारगेट ऑन कोचिंग (रवि सर) शामिल हैं. इन सभी संस्थानों पर भवन निर्माण और संचालन में मानकों के उल्लंघन के आरोप लगाए गए हैं, जिसके बाद नोटिस भी चस्पा किया गया.

फायर सेफ्टी जांच में गंभीर खामियां

अग्निशमन विभाग की जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं. रिपोर्ट के अनुसार बेसमेंट में कक्षाओं का संचालन किया जा रहा था और वहीं विद्यार्थियों व स्टाफ के रहने की व्यवस्था भी थी. इसके अलावा भवन में प्लाईवुड और PVC सामग्री का इस्तेमाल, आपातकालीन निकास मार्ग को शटर और लोहे के गेट से बंद करना और निकास मार्ग पर जनरेटर लगाना जैसी खामियां पाई गईं, जिन्हें फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन माना गया.

विवेक कुमार ने कही ये बात 

कार्रवाई के बाद विवेक कुमार ने अपनी स्थिति को लेकर भावुक बयान दिया. उन्होंने बताया कि ऑफलाइन क्लास बंद होने के कारण उनकी पूरी पढ़ाई और रिकॉर्डिंग व्यवस्था प्रभावित हो गई है. उनकी सामग्री बिल्डिंग के अंदर फंसी हुई है और ऑनलाइन क्लास रिकॉर्ड करने के लिए उन्हें स्टूडियो भी नहीं मिल पा रहा है, क्योंकि उनके संस्थान पर कार्रवाई चल रही है और लोग सहयोग करने से डर रहे हैं.

अखिलेश यादव ने क्या कहा?

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए वीडियो साझा किया और सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जिस कथित घपले-घोटाले की सजा शिक्षा मंत्री को मिलनी चाहिए, वह शिक्षकों को क्यों दी जा रही है. उन्होंने PDA और फायर विभाग के अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए और 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की.

अखिलेश यादव ने सरकार पर शिक्षा, शिक्षक और छात्रों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चुनाव शिक्षा के मुद्दों पर लड़ा जाएगा, जिसमें सरकारी स्कूलों की स्थिति, मिड-डे मील, परीक्षा प्रणाली, पेपर लीक, आरक्षण और भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे.

छात्रों का कैंडल मार्च और विरोध प्रदर्शन

इस मामले और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर 29 मई को प्रयागराज में कैंडल मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए. छात्रों ने यूपीएसएससी स्कोर कार्ड, लेखपाल भर्ती, एसएससी जीडी, कांस्टेबल भर्ती और नीट पेपर लीक जैसे मामलों पर अपनी मांगें उठाईं. इस प्रदर्शन में कोचिंग शिक्षकों की भूमिका भी प्रमुख रूप से देखने को मिली.