पप्पू यादव पर जूता फेंकने वाला आरोपी कौन है? अब सामने आ गई हमलावर की पूरी जानकारी

यूपी तक

• 12:43 PM • 03 Aug 2026

Pappu Yadav attack: दिल्ली में सांसद पप्पू यादव पर हुए कथित हमले के बाद मुख्य आरोपी हैप्पी शर्मा ने अपनी सफाई दी है. उसने कहा कि साधु-संतों और भगवान राम के कथित अपमान से आहत होकर उसने यह किया है. इसके साथ ही उसने चाकू की खबर को भ्रामक बताया है.

Google CTA

Pappu Yadav attack: बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव के ऊपर दिल्ली स्थित उनके आवास पर हमले के बाद सियासी बवाल मच गया है. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन पर जूता फेंकने का आरोप उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के रहने वाले दो युवकों हैप्पी शर्मा और सुमित गिरी पर लगा है. इस हमले के बाद पप्पू यादव ने इसे जानलेवा हमला और हत्या की साजिश बताया है. इस घटना के मुख्य आरोपी हैप्पी शर्मा ने सामने आकर अपनी बात रखी है और बताया है कि आखिर उसने पप्पू यादव पर हमला क्यों किया था.

यह भी देखें...

साधु-संतों के अपमान से था गुस्सा

आरोपी हैप्पी शर्मा ने बताया है कि वह बुलंदशहर से दिल्ली साधु-संतों के प्रोटेस्ट में शामिल होने आया था. उसने न्यूज़ में देखा था कि पप्पू यादव ने भगवा कपड़े पहनकर साधुओं पर अभद्र टिप्पणी की थी. हैप्पी के मुताबिक जब साधुओं को प्रोटेस्ट वाली जगह से हटा दिया गया, तो उसने अपने दोस्त सुमित के साथ सीधे सांसद पप्पू यादव से मिलने का फैसला किया था. इसके बाद वह प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचा और पप्पू यादव से सवाल किया कि वह साधु-संतों और भगवान राम का अपमान क्यों कर रहे हैं? इस पर पप्पू यादव और उनके समर्थकों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.

चाकू लाने के आरोप को किया खारिज

पप्पू यादव और उनके समर्थकों का आरोप है कि हमलावर चाकू लेकर आए थे और उनके इरादे खतरनाक थे. लेकिन हैप्पी शर्मा ने इन दावों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है. हैप्पी का कहना है कि सांसद के आवास में प्रवेश करने से पहले पुलिस ने उनकी पूरी तलाशी ली थी और उनके पास कोई हथियार नहीं था. उनके पास केवल फोन, पैसे और गाड़ी की चाबी थी. हैप्पी ने कहा कि चाकू बाद में लाया गया और उसे फंसाने की साजिश रची जा रही है. जूता फेंकने की बात पर हैप्पी ने कहा कि जब समर्थकों ने उसे मारना शुरू किया, तब उसने बचाव में चप्पल फेंकी थी.

'आगे भी करेंगे ऐसा, भागेंगे नहीं'

घटना के बाद हैप्पी शर्मा तो वहां से बचकर निकल गया, लेकिन उसका साथी सुमित गिरी पकड़ा गया और पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है. हैप्पी का कहना है कि उसने कुछ गलत नहीं किया है. उसने साफ कहा कि अगर आगे भी देश के साधु-संतों और भगवान राम का अपमान होगा, तो वह फिर से ऐसा करेगा, जो होगा देखा जाएगा. हैप्पी ने यह भी साफ किया कि वह पुलिस से भागेगा नहीं और जल्द ही अपने साथी सुमित की जमानत कराने जाएगा.

दोनों आरोपियों का बीजेपी कनेक्शन

इस हमले के बाद पप्पू यादव ने दोनों आरोपियों की तस्वीरें यूपी के कुछ नेताओं के साथ साझा की हैं, जिससे इस मामले ने और भी बड़ा सियासी रूप ले लिया है. जानकारी के मुताबिक, हैप्पी शर्मा बुलंदशहर के कोतवाली देहात क्षेत्र के नथला गांव का निवासी है और ठेकेदारी करता है. वह बीजेपी के ग्रामीण मंडल का उपाध्यक्ष बताया जा रहा है. वहीं, उसका साथी सुमित गिरी भी ठेकेदारी करता है और उसे बीजेपी के सिकंदराबाद मंडल में नगर सचिव बताया जा रहा है. दिल्ली पुलिस फिलहाल मामले की गहराई से जांच कर रही है.