Hapur Molestation Case: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है. ट्यूशन से घर लौट रही एक नाबालिग छात्रा के साथ सुनसान गली में छेड़छाड़ की कोशिश की गई. यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में आक्रोश फैल गया. घटना ने एक बार फिर बेटियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ADVERTISEMENT
ट्यूशन से लौटते समय सुनसान गली में रोका रास्ता
जानकारी के अनुसार, नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जामा मस्जिद में 13 फरवरी की शाम तीन नाबालिग छात्राएं ट्यूशन पढ़कर अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान एक युवक सुनसान गली में पहले से खड़ा होकर उनका इंतजार कर रहा था. जैसे ही छात्राएं वहां से गुजरीं, युवक ने अचानक आगे बढ़कर एक छात्रा का हाथ पकड़ लिया और उसे जबरन गली के अंदर खींचने की कोशिश की.
छात्रा ने साहस दिखाते हुए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया और खुद को छुड़ाने का प्रयास किया .उसकी चीख-पुकार और संघर्ष के चलते वह आरोपी के चंगुल से निकलकर वहां से भागने में सफल रही. यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.
वीडियो वायरल होने पर उठा जनाक्रोश
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों ने पुलिस और प्रशासन पर सवाल उठाने शुरू कर दिए. कई यूजर्स ने महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है. राजनीतिक दलों ने भी इस मामले को लेकर प्रतिक्रिया दी और कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई है.
पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की पहचान
पुलिस के अनुसार, परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी की पहचान उमर उर्फ अल्लाह रखा के रूप में हुई है. सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि आरोपी भी नाबालिग है और उसे अभिरक्षा में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
गौरतलब है कि इससे पहले भी आगरा और नोएडा जैसे शहरों में दिनदहाड़े छेड़छाड़ और अपहरण की कोशिश की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनके वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे. हापुड़ की यह घटना भी उसी कड़ी की एक और चिंताजनक मिसाल बन गई है.
यह भी पढ़ें: बागपत में भतीजे के साथ वेलेंटाइन डे मना रही थी चाची, पति ने पकड़ा तो सीधे करवा दी शादी
ADVERTISEMENT









