Rihan Encounter: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में गुरुवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई. इस एनकाउंटर में दिल्ली-NCR का कुख्यात अपराधी और 50000 रुपये का इनामी बदमाश रिहान मारा गया.फायरिंग के दौरान यूपी पुलिस का एक सिपाही सुमित बैसला भी गोली लगने से घायल हुआ है जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है.
ADVERTISEMENT
लूट के बाद पीछा, फिर आधी रात को एनकाउंटर
मुठभेड़ की शुरुआत गुरुवार रात करीब 9 बजे हुई. जब बाबरी क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने राहुल नाम के व्यक्ति से नकदी और मोबाइल लूट लिया. सूचना मिलते ही कोतवाली और आदर्श मंडी पुलिस ने घेराबंदी शुरू की. रात करीब 12.30 बजे पूर्वी यमुना नहर के पास जब पुलिस ने संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में रिहान को गोली लगी जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर्स ने रिहान को मृत घोषित कर दिया.
रिहान की क्राइम कुंडली
मारे गए बदमाश रिहान ने पूरे एनसीआर में आतंक मचा रखा था. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह जुर्म की दुनिया का एक बड़ा नाम बन चुका था.रिहान पर लगभग 90 आपराधिक मामले दर्ज थे. अकेले दिल्ली में उस पर 49 केस दर्ज थे. गाजियाबाद में 28 मुकदमे दर्ज थे.इसके अलावा शामली, बागपत, हापुड़ और बुलंदशहर में भी वह कई वारदातों में वांछित था.
विदेशी पिस्टल और लूट का माल बरामद
पुलिस को रिहान के पास से अत्याधुनिक हथियार और लूट का सामान मिला है जिसमें एक 'मेड इन इटली' पिस्टल, एक देसी पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस, लूट के मोबाइल फोन, नकद और गहने (अंगूठी) और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल शामिल है.
अधिकारियों का बयान
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी को निशाना बनाकर जानलेवा हमला किया था जिसमें एसओ आदर्श मंडी बाल-बाल बचे. सिपाही सुमित बैसला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस अब फरार दूसरे बदमाश की तलाश में सघन तलाशी अभियान चला रही है.
ये भी पढ़ें: यूपी में 1 महीने तक बढ़ी SIR फॉर्म भरने की डेडलाइन, अब इस तारीख तक जुड़वा सकते हैं वोटर लिस्ट में नाम
ADVERTISEMENT









