बरेली में सीएम योगी को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, अब हाथ जोड़ मांग रहा माफी

यूपी तक

• 11:43 AM • 05 Aug 2026

बरेली के एक व्यक्ति ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फोन पर जान से मारने की धमकी दी. आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू की गई.

Google CTA

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को डायल 112 पर कॉल कर जान से मारने की धमकी देने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाले आरोपी अनिल कुमार को बरेली की भोजीपुरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें वह पुलिस हिरासत में हाथ जोड़कर प्रशासन और पुलिस से बार-बार माफी मांगता हुआ नजर आ रहा है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे अदालत के समक्ष पेश कर दिया है.

यह भी देखें...

कंट्रोल रूम पर कॉल कर दी थी धमकी

यह पूरा मामला 31 जुलाई का है, जब बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के निवासी अनिल कुमार ने पुलिस कंट्रोल रूम पर कई बार कॉल कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और उन्हें जान से मारने की धमकी दी. इस घटना के बाद पुलिस महकमे और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया.

पुलिस टीम के साथ भी की अभद्रता

सूचना मिलते ही जब पीआरवी और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो आरोपी अनिल कुमार ने शांत होने के बजाय पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गाली-गलौज की. जांच में आरोप सही पाए जाने पर उप-निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह की तहरीर पर थाना भोजीपुरा में मुकदमा दर्ज किया गया.

त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी

थाना प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह के निर्देशन में उप-निरीक्षक सुनील कुमार और कांस्टेबल सोनू कोरी की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया.

'मुझे क्षमा कर दो'-गिड़गिड़ाता दिखा आरोपी

गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी को हवालात से बाहर निकाला गया, तो उसका एक वीडियो सामने आया जिसमें वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था और लड़खड़ाते कदमों के साथ बार-बार हाथ जोड़कर माफी मांग रहा था. वायरल वीडियो में आरोपी कह रहा है कि 'जी मुझे क्षमा कर दो. पुलिस प्रशासन मुझे क्षमा कर दो. भोजीपुरा थाना मुझे क्षमा कर दो। दोबारा मुझसे ऐसी गलती नहीं होगी. मैं माफी मांगता हूं.'

पुलिस का आधिकारिक बयान

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी अनिल कुमार ने माननीय मुख्यमंत्री को धमकी दी थी और मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ भी बदसलूकी की थी. उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर पंजीकृत कर उसे हिरासत में लिया गया. पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वर्तमान में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है.