Kanpur Crime: 150 CCTV कैमरों ने पकड़ा पत्नी का झूठ, नशे में धुत पति की हत्या कर प्रेमी संग रची थी साजिश

कानपुर के चकेरी में आशीष शर्मा की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है. पत्नी ने अपने प्रेमी सबलू खान के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतारा. पुलिस ने 150 CCTV फुटेज से आरोपी को पकड़ा.

यूपी तक

• 04:03 PM • 09 Apr 2026

follow google news

कानपुर के चकेरी पुलिस ने 2 अप्रैल की सुबह हुई आशीष शर्मा की हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है. आशीष, जिसका खुद का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है उसकी जान किसी बाहरी दुश्मन ने नहीं बल्कि उसकी अपनी पत्नी ने ली. पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी ने अपने प्रेमी सबलू खान के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया. पुलिस को इस सच तक पहुंचने के लिए इलाके के 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने पड़े.

यह भी पढ़ें...

नशा, नफरत और कत्ल, खूनी खेल की रात

पुलिस के अनुसार, आशीष शर्मा शराब का आदी था और अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट और क्रूरता करता था. पति के इस व्यवहार से तंग आकर पत्नी ने अपने प्रेमी सबलू खान के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई. वारदात की रात, दोनों ने पहले आशीष को नशे की हालत में पहुँचाया और जब वह बेसुध हो गया, तो बड़ी बेरहमी से उसकी हत्या कर दी. सुबह चकेरी इलाके में उसकी लाश मिलने से हड़कंप मच गया था.

150 कैमरों ने तोड़ा झूठ का चक्रव्यूह

शुरुआत में पत्नी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और इसे किसी पुराने दुश्मन की करतूत बताया. हालांकि, चकेरी पुलिस की टीम ने जब घटनास्थल के आसपास के 150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे चेक किए, तो कड़ियाँ जुड़ती गईं. फुटेज में प्रेमी सबलू खान की संदिग्ध मौजूदगी ने सारा राज खोल दिया. कड़ाई से हुई पूछताछ में पत्नी टूट गई और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया.

पत्नी गिरफ्तार, प्रेमी की तलाश में दबिश

पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि वारदात में शामिल मुख्य आरोपी और प्रेमी सबलू खान अभी भी फरार है. पुलिस की टीमें सबलू की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि घरेलू कलह और अवैध संबंधों के चलते कैसे हंसते-खेलते घर 'अपराध की कब्रगाह' बन जाते हैं.