Agra Spying Case: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. भारतीय नौसेना में तैनात एक जवान पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेस इंटेलिजेंस (ISI) के लिए जासूसी करने का गंभीर आरोप लगा है. यूपी एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड) ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि वह भारत से जुड़ी संवेदनशील और रणनीतिक जानकारी पाकिस्तान तक पहुंचा रहा था. इस खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है.
ADVERTISEMENT
आगरा के चीतपुर गांव का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार किया गया जवान आदर्श कुमार उर्फ लकी बताया जा रहा है जो आगरा के चीतपुर गांव का निवासी है. वह भारतीय नौसेना में लांस नायक के पद पर तैनात है. जानकारी के मुताबिक फिलहाल उसकी पोस्टिंग केरल में थी. जांच एजेंसियों को शक है कि वह लंबे समय से पाकिस्तान में मौजूद आईएसआई एजेंट के संपर्क में था.
संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान भेजने का आरोप
सूत्रों के अनुसार यूपी एटीएस को काफी समय से इनपुट मिल रहे थे कि भारत से जुड़ी महत्वपूर्ण और गोपनीय जानकारियां पाकिस्तान तक पहुंचाई जा रही हैं. इन सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाने लगी. जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी जवान कथित तौर पर भारत की रणनीतिक और संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान में बैठे आईएसआई एजेंट को भेज रहा था. इतना ही नहीं, सूत्रों का यह भी दावा है कि उसके बैंक खाते से आईएसआई से जुड़े लोगों को पैसे भी ट्रांसफर किए गए थे.
निगरानी के बाद ATS ने किया गिरफ्तार
इनपुट मिलने के बाद यूपी एटीएस ने आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी. जब जांच एजेंसी को पर्याप्त सबूत मिले तो कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया. इसके बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया.
इस मामले को लेकर डीसीपी वेस्ट आदित्य ने जानकारी दी कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया है. कोर्ट के आदेश के बाद उसे पुलिस कस्टडी में जिला जेल भेज दिया गया है. फिलहाल जांच एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं.
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी एजेंसियां
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस कथित जासूसी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं. यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी कब से और किस तरह से संवेदनशील जानकारी साझा कर रहा था.
अगर जांच में लगे आरोप सही साबित होते हैं तो यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा एक बड़ा खुलासा माना जाएगा. फिलहाल यूपी एटीएस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों की तलाश भी जारी है.
यह भी पढ़ें: 13 साल से अचेत हरीश राणा को मिलेगी इच्छा मृत्यु! अब उनके पिता अशोक राणा की ये बातें कलेजा चीर देंगी
ADVERTISEMENT









