बागपत के बड़ौत-दिल्ली हाईवे पर शराब के नशे में चूर मनचलों को सड़क पर फिल्मी हीरो बनना उस वक्त भारी पड़ गया, जब अस्पताल से लौट रही महिलाओं ने उनकी 'रोमियोपंती' का जवाब सीधे पुलिस को बुलाकर दिया. 'चाची आई लव यू' जैसे भद्दे कमेंट्स और अश्लील इशारों के साथ शुरू हुई इस छेड़खानी की एंडिंग सीधे थाने के लॉकअप में हुई.
ADVERTISEMENT
हाईवे पर 'चाची आई लव यू' बोलकर की छेड़खानी
घटना उस समय की है जब एक परिवार अस्पताल से दवाई लेकर रिक्शे से घर लौट रहा था. तभी वैगनआर कार में सवार चार युवक उनके पास आए और बदतमीजी शुरू कर दी. पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने पहले 'आई लव यू ओ चाची' बोलकर फब्तियां कसीं. परिवार ने पहले उन्हें नजरअंदाज किया, लेकिन हौसले बुलंद होने पर युवकों ने आगे जाकर रास्ता रोक लिया और अश्लील इशारे व भद्दे कमेंट्स करने लगे.
डायल 112 ने बिगाड़ा 'मजनुओं' का खेल
मनचलों को लगा था कि रात के सन्नाटे में महिलाएं चुप रह जाएंगी, लेकिन पीड़ितों ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दे दी. पुलिस के सायरन की आवाज सुनते ही आरोपियों के होश उड़ गए. पुलिस ने मौके पर दबिश देकर शुभम, विक्रांत और विनीत नामक तीन आरोपियों को दबोच लिया, जबकि उनका एक साथी फरार होने में कामयाब रहा.
कार में मिली शराब, उतरा हीरो बनने का भूत
तलाशी के दौरान आरोपियों की कार से शराब की बोतलें बरामद हुई हैं, जिससे साफ है कि वे नशे में धुत होकर सड़क पर हुड़दंग मचा रहे थे. जो युवक कुछ देर पहले खुद को 'सुपरस्टार' समझ रहे थे, वे थाने पहुंचते ही हाथ जोड़कर पुलिस के सामने गिड़गिड़ाने लगे.
पुलिस की सख्त कार्रवाई
पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों को हिरासत में लेकर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है. बागपत पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने मनचलों को सख्त संदेश दिया है कि अब महिलाओं के साथ बदसलूकी का जवाब 'आई लव यू टू' नहीं, बल्कि सीधे पुलिस का डंडा होगा.
ADVERTISEMENT









