Meerut Crime News: मेरठ के मामाना क्षेत्र में सरसों के खेत से मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. इस केस में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें होटल संचालक चंचल कुमार उर्फ बंटी, गुरमुख उर्फ मोनू (बागपत), संदीप उर्फ सिट्टू (मेरठ) और विवेक उर्फ काका शामिल हैं. जांच में सामने आया कि महिला और आरोपियों के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई. वारदात के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए होटल में इस्तेमाल होने वाले एसिडिक क्लीनर को महिला के चेहरे पर डाल दिया ताकि उसकी शिनाख्त न हो सके. इसके बाद 18-19 फरवरी की रात शव को एक सफेद क्रेटा कार में रखकर मामाना इलाके के सरसों के खेत में फेंक दिया गया. सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने होटल के सीसीटीवी फुटेज भी डिलीट कर दिए थे लेकिन पुलिस ने 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्ध कार तक पहुंच बनाई और पूरे मामले का खुलासा किया.
ADVERTISEMENT
इस केस में सबसे बड़ा रहस्यमयी मोड़ तब आया जब जांच में महिला का विदेशी कनेक्शन सामने आया. शुरुआती तौर पर पुलिस ने उसकी पहचान दिल्ली निवासी अर्चिता अरोड़ा के रूप में बताई थी लेकिन कुछ सूत्रों के मुताबिक महिला तुर्कमेनिस्तान की रहने वाली हो सकती है और उसका असली नाम ‘मुहब्बत’ बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि वह दिल्ली में रह रही थी और उसका होटल में लगातार आना-जाना था. अब पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं महिला का संबंध किसी अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क या अवैध गतिविधियों से तो नहीं था. साथ ही पुलिस ने महिला की असली पहचान की पुष्टि के लिए विदेश मंत्रालय और संबंधित एम्बेसी से संपर्क किया है. फिलहाल मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT









