UP Weather Update Today: उत्तर प्रदेश में आज यानी 14 जुलाई को मौसम बदलने की संभावना है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में फिलहाल भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. लेकिन जानकारी के अनुसार यहां कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. साथ ही मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है. वहीं मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह भी दी है.
ADVERTISEMENT
इन जिलों में भारी बारिश के आसार
आईएमडी के अनुसार आज 14 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. इसके अलावा सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर समेत आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की बहुत अधिक संभावना है. दूसरी ओर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है, लेकिन कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम?
आज 14 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश के साथ कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है. जिन जिलों के लिए भारी बारिश की संभावना जताई गई है, वहां रहने वाले लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की जरूरत है.
भारी बारिश से हो सकती हैं ये परेशानियां
मौसम विभाग के मुताबिक भारी बारिश की वजह से निचले इलाकों और सुरंगों में जलभराव हो सकता है. कच्चे, असुरक्षित और अस्थायी ढांचों को आंशिक नुकसान पहुंचने की आशंका है. इसके अलावा बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो सकती है. लगातार बारिश के दौरान कच्ची सड़कों पर फिसलन बढ़ने और दृश्यता कम होने से सड़क यातायात में भी दिक्कत आ सकती है. मौसम विभाग ने यह भी आशंका जताई है कि मौसमी नदी-नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी हो सकती है और बागवानी व वृक्षारोपण से जुड़ी फसलों को हल्का नुकसान पहुंच सकता है.
मौसम विभाग ने लोगों से की अपील
आईएमडी ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें और सुरक्षित तथा पक्के मकानों में ही शरण लें. अस्थायी और कमजोर संरचनाओं को आवश्यकता पड़ने पर खाली करने की सलाह भी दी गई है. साथ ही बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था पहले से तैयार रखने को कहा गया है.
यात्रा के दौरान बरतें विशेष सावधानी
मौसम विभाग ने कहा है कि यदि यात्रा करनी हो तो संभावित देरी को ध्यान में रखते हुए पहले से योजना बनाएं. लोगों को मौसमी नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है. जिन नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के आसपास है, उनके किनारों पर जाने से बचें. साथ ही गड्ढों, पोखरों और ऐसे तालाबों में नहाने से बचें, जहां बाहर से पानी का बहाव हो रहा हो.
ADVERTISEMENT











