सपा के दलित सांसद के घर पर बवाल के दौरान घायल हुए करणी सेना के इस लड़के को आया राजा भैया का वीडियो कॉल, देखें

Raja Bhaiya News: आगरा में सपा सांसद के आवास पर करणी सेना के हमले के दौरान पुलिस संघर्ष में कई कार्यकर्ता घायल हो गए. जनसत्ता दल के अध्यक्ष राजा भैया ने वीडियो कॉल के माध्यम से घायल कार्यकर्ताओं का हालचाल जाना और उनकी स्थिति की जानकारी प्राप्त की.

Raja Bhaiya News

आशीष श्रीवास्तव

29 Mar 2025 (अपडेटेड: 29 Mar 2025, 01:57 PM)

follow google news

Raja Bhaiya News: उत्तर प्रदेश के आगरा में दक्षिणपंथी संगठन करणी सेना से जुड़े लोगों ने राणा सांगा के बारे में विवादित बयान देने वाले समाजवादी पार्टी (सपा) के राज्यसभा सदस्य रामजी लाल सुमन के घर पर बुधवार को हमला किया. इस हमले के बाद सियासत गरमा गई. वहीं, इस घटना के चलते पुलिस से संघर्ष के दौरान करणी सेना के कई कार्यकर्त्ता घाय हुए. अब इन्हीं घायल कार्यकर्ताओं से जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के मुखिया और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने वीडियो कॉल के जरिए बात की है. इस दौरान राजा भैया ने घायल कार्यकर्ताओं का हाल जाना.

यह भी पढ़ें...

गौरतलब है कि राजपूत गौरव की वकालत करने वाले जाति आधारित समूह करणी सेना के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बुधवार को आगरा में हरि पर्वत चौराहे के नजदीक स्थित सांसद के आवास में तोड़फोड़ की. उनके घर के बाहर खड़ी कई कार को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, कुर्सियां और घर की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिये गए.  वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी भीड़ से भिड़ते हुए दिखाई दिए, जबकि भीड़ इस पॉश इलाके में उत्पात मचाती दिखी. गौर करने वाली बात यह है कि यह घटना उस दिन हुई जब मुख्यमंत्री आदित्यनाथ एक सार्वजनिक कार्यक्रम के लिए आगरा में ही थे. 

क्या कहा रामजी लाल सुमन ने?

मालूम हो कि रामजी लाल सुमन ने गुरुवार को कहा था कि वह राणा सांगा पर अपनी टिप्पणी के लिए माफी नहीं मांगेंगे, क्योंकि इतिहास को नकारा नहीं जा सकता. मालूम हो कि सुमन का हाल ही में एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि राणा सांगा एक ‘गद्दार’ था, जिसने इब्राहिम लोदी को हराने के लिए बाबर को बुलाया था. राणा सांगा या संग्राम सिंह प्रथम 1508 से 1528 तक मेवाड़ के शासक थे. 

करणी सेना के प्रमुख ने क्या कहा?

करणी सेना के प्रमुख सूरज पाल सिंह अमू ने कहा कि सपा सांसद की इस टिप्पणी से मुगलों को हराने वाले नायक का अपमान हुआ है. उन्होंने सुमन और सपा प्रमुख अखिलेश यादव से माफी मांगने की मांग की.